18 नवंबर का मौसम: चक्रवात 'अकवान' से 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
18 नवंबर को चक्रवात अकवान के प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. दिल्ली-UP में घना कोहरा छा सकता है, जबकि बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. झारखंड में 19 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

Wheather Update :- नवंबर के तीसरे सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है. बिहार और झारखंड की बात करें तो 18 नवंबर को दोनों राज्यों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है. झारखंड में 19 नवंबर से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. ऐसे में आइए जानते हैं बिहार, झारखंड, दिल्ली, यूपी समेत देशभर में आज मौसम कैसा रहने वाला है.
आंध्र प्रदेश में 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' 18 नवंबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में मौसम बिगड़ने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. तूफान के 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-UP में घना कोहरा, सुबह और रात में बढ़ेगी ठंड
उत्तर भारत में 18 नवंबर को कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है. इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय कोहरा छा सकता है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है.
बिहार में आज बारिश का अलर्ट नहीं, सुबह-शाम महसूस होगी ठंड
बिहार में 18 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है. दिन में मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड महसूस होगी. फिलहाल मौसम विभाग ने बिहार के लिए आज घने कोहरे की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. ऐसे में लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय ठंड से बचाव करने की सलाह दी जाती है.
झारखंड में 19 नवंबर से बदलेगा मौसम, 20-21 नवंबर को भारी बारिश के आसार
झारखंड में 18 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. राजधानी रांची के साथ जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग समेत कई जिलों में सुबह हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिल सकता है. राज्य में आज भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि, अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. 19 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है. वहीं, 20 और 21 नवंबर को झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की जरूरत है.
ओडिशा से तमिलनाडु तक बारिश का अलर्ट, मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी भारत में ओडिशा के कुछ इलाकों में 18 नवंबर को भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिम बंगाल में आज भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन 19 से 21 नवंबर के बीच गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मध्य भारत की बात करें तो छत्तीसगढ़ में 18 और 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य प्रदेश में आज व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में चक्रवात 'अकवान' का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. तटीय आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. वहीं, तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर 18 नवंबर को देश के दक्षिणी और पूर्वी तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का खतरा रहेगा, जबकि उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का असर बढ़ेगा. बिहार और झारखंड में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन झारखंड में 19 नवंबर के बाद बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है.
संबंधित ख़बरें
और BIHAR ख़बरेंझारखंड में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन पर होगी स्क्रीनिंग: इरफान अंसारी

13 दिसंबर से शुरू होगा देवघर प्रीमियर लीग, 5 दिसंबर को खिलाड़ियों का ऑक्शन, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन : एसपी

भूषण बाड़ा मामले पर पहली बार CM हेमंत सोरेन की आई प्रतिक्रिया, कहा- किसी कीमत पर गलत को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार

झारखंड कैबिनेट में 41 प्रस्तावों पर मुहर, सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता

बाबा मंदिर के प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को हटाने की मांग, तीर्थ पुरोहित महासभा ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


