उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा आस्था का सैलाब, भंडारो घाट पर बनारस की गंगा महाआरती का दिखा अद्भुत नजारा
देवघर के सारवां प्रखंड स्थित भंडारो-नावाडीह के अजय नदी घाट पर छठ महापर्व के दौरान भव्य गंगा महाआरती का आयोजन हुआ. बनारस से पहुंचे पांच पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती प्रस्तुत की. युवा छठ पूजा सेवा समिति की आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया.

देवघर:-लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. इस मौके पर देवघर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह की पहली किरण के साथ व्रतियों ने भगवान भास्कर को जल और दूध अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की. इस बीच सारवां प्रखंड के भंडारो-नावाडीह स्थित अजय नदी घाट पर विशेष आकर्षण देखने को मिला. युवा छठ पूजा सेवा समिति की ओर से घाट को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था. बनारस की तर्ज पर पांच पंडितों द्वारा प्रस्तुत गंगा महाआरती ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. घंटियों की गूंज, दीपों की रोशनी और वैदिक मंत्रों से नदी तट का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा. आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर भी सामने आई.
बनारस की तर्ज पर पांच पंडितों ने की गंगा महाआरती
भंडारो घाट पर इस वर्ष महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही. युवा छठ पूजा सेवा समिति ने बनारस से पांच युवा पंडितों को आमंत्रित किया था. गणेश वंदना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती शुरू हुई. पांचों पंडितों ने एक साथ दीपों के साथ मां गंगा की आराधना की. घंटियों की आवाज और दीपों की जगमगाहट ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.
आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी से जगमगाया घाट
समिति की ओर से अजय नदी घाट को विशेष रूप से सजाया गया था. रंग-बिरंगी लाइटें, आकर्षक मूर्तियां और सेल्फी प्वाइंट लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे. घाट की खूबसूरती देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. श्रद्धालुओं ने सजावट और महाआरती के दृश्यों को मोबाइल कैमरों में कैद किया.
2012 से जारी है घाट को भव्य बनाने की परंपरा
समिति अध्यक्ष आनंद चौरसिया ने बताया कि वर्ष 2012 में सीमित संसाधनों के साथ घाट की सजावट शुरू की गई थी. ग्रामीणों के सहयोग और लगातार मिल रहे प्रोत्साहन से आयोजन का स्वरूप हर साल बेहतर होता गया. सचिव टुनटुन मंडल ने बताया कि सदस्य करीब एक सप्ताह पहले से ही तैयारियों में जुट जाते हैं. कोषाध्यक्ष और दिवाकर वर्मा ने भी आयोजन की सफलता का श्रेय युवाओं और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास को दिया.
भारी भीड़ के बीच दिखा आपसी भाईचारे का संदेश
महाआरती देखने के लिए घाट के अलावा पुल पर भी श्रद्धालुओं की कतार लगी रही. आयोजन में मुस्लिम समुदाय के महिला, पुरुष और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया. विभिन्न समुदायों के लोगों ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं. इस दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली.
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में सारवां के बीडीओ रजनीश कुमार और थाना प्रभारी संदीप कुमार समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा. समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई. पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भी क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ और भंडारो घाट की भव्य महाआरती लोगों के लिए यादगार बन गई.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंछठ महापर्व आस्था, तपस्या और सामाजिक एकजुटता का देता है संदेश : ध्रुव प्रसाद साह
छठ महापर्व पर महापौर रवि कुमार राउत ने दिया धैर्य और सकारात्मकता का संदेश, उदीयमान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
छठ घाटों पर पहुंचीं डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, व्रतियों को दीं शुभकामनाएं

रांची के रातू रोड-पिस्का मोरहाबादी में बदले जाएंगे खराब स्लुइस वाल्व, 44 लाख रुपये का टेंडर जारी

बाबूलाल मरांडी और झारखंड पुलिस आमने-सामने, एसोसिएशन ने बयान पर जताई कड़ी आपत्ति

डढ़वा नदी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य मंडप का पूजन, डीसी-एसपी समेत अधिकारी हुए सम्मानित


