SIR 2026: मतदाता सूची के काम में लापरवाही पर DC सख्त, BLO और सुपरवाइजर का वेतन रोकने का निर्देश
SIR 2026 के काम में लापरवाही पर देवघर DC ने सख्ती दिखाई है. मधुपुर के BLO और सुपरवाइजर का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है. साथ ही डिजिटाइजेशन और मतदाता सत्यापन का काम जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है.

Deoghar:- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतिम चरण में निर्वाचन कार्यों की सुस्ती पर देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सख्त रुख अपनाया है. मधुपुर में काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और BLO सुपरवाइजर को शोकॉज जारी करने के साथ उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है. DC ने साफ किया कि डिजिटाइजेशन, मतदाता सत्यापन और नए वोटरों के पंजीकरण में किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी. बुधवार को जिले के मधुपुर, सारठ और देवघर विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ आयोजित किया गया. इसी दौरान उपायुक्त ने सारठ और मधुपुर के कई बूथों का औचक निरीक्षण कर SIR की प्रगति जांची. उन्होंने BLO, सुपरवाइजर, राजनीतिक दलों के BLA-2 प्रतिनिधियों और आम लोगों से बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली.
सात मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जांची व्यवस्था
उपायुक्त ने सारठ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 48, 49 और 50 का निरीक्षण किया. वहीं, मधुपुर प्रखंड के बूथ संख्या 223, 224, 225 और 226 पर भी पहुंचकर कामकाज की समीक्षा की. इस दौरान BLO-BLA बैठक और चुनाव पाठशाला की छठी व अंतिम बैठक की गतिविधियों का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची से जुड़े सभी काम शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं. खासकर जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन और सत्यापन का काम लंबित है, वहां तेजी लाने को कहा गया.
18 साल के युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
DC ने निर्वाचन कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में जगह नहीं पाए. इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन करने और प्राप्त फॉर्म-6 का जल्द डिजिटाइजेशन करने को कहा गया. एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने यह भी कहा कि किसी मतदाता को अपने निर्धारित मतदान केंद्र के बजाय किसी दूसरे स्थान पर जाने के लिए बाध्य नहीं किया जाए. स्कूलों में कैंप लगने से पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. विदेशी नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल नहीं करने और प्रत्येक आवेदन की पात्रता की गंभीरता से जांच करने पर भी जोर दिया.
ASDD सूची के पात्र लोगों को मिला एक और मौका
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चले ‘एक और अवसर कैंप’ में ASDD सूची में चिह्नित उन पात्र नागरिकों से गणना प्रपत्र और फॉर्म-6 लिए गए, जो पहले किसी कारण से प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे. इसके अलावा एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को भी पंजीकरण का अवसर दिया गया. मतदान केंद्रों के साथ पंचायत भवनों, नगर निकायों और संबंधित प्रखंड कार्यालयों में भी ASDD सूची का पुनरीक्षण किया गया. सत्यापन और सुनवाई के बाद अपात्र पाए गए लोगों की नामवार सूची फॉर्म-3 में प्रकाशित की गई. इसे उपस्थित सदस्यों के सामने पढ़कर सुनाया गया, ताकि नियमानुसार दावे और आपत्तियां प्राप्त कर उनका निपटारा किया जा सके.
मधुपुर और सारठ में लंबित काम जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय मधुपुर और सारठ प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों व निर्वाचन कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन अपलोड की स्थिति की जानकारी ली गई. उन्होंने सभी लंबित कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही BLA-2 से मिली नए मतदाताओं की सूची के आधार पर घर-घर सत्यापन करने और निर्वाचन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया. निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, BDO सारठ चंदन कुमार, दोनों प्रखंडों के BDO और अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, BLO और सुपरवाइजर मौजूद थे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन पर होगी स्क्रीनिंग: इरफान अंसारी

13 दिसंबर से शुरू होगा देवघर प्रीमियर लीग, 5 दिसंबर को खिलाड़ियों का ऑक्शन, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन : एसपी

भूषण बाड़ा मामले पर पहली बार CM हेमंत सोरेन की आई प्रतिक्रिया, कहा- किसी कीमत पर गलत को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार

झारखंड कैबिनेट में 41 प्रस्तावों पर मुहर, सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता

बाबा मंदिर के प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को हटाने की मांग, तीर्थ पुरोहित महासभा ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


