SNCU से छुट्टी पाने वाले नवजातों का होगा नियमित फॉलोअप, 21 नवंबर को कटे होंठ और तालु का निःशुल्क इलाज
देवघर सदर अस्पताल में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह की शुरुआत हुई. कार्यशाला में समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों की देखभाल के साथ एसएनसीयू से छुट्टी पाने वाले नवजातों के नियमित फॉलोअप पर जोर दिया गया. 21 नवंबर को कटे होंठ और तालु का मुफ्त उपचार होगा.

Deoghar:- समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन वाले और बीमार नवजातों की बेहतर देखभाल को लेकर देवघर सदर अस्पताल में बुधवार को राष्ट्रीय नवजात सप्ताह की शुरुआत हुई. इस मौके पर अस्पताल के सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसका उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यशाला में नवजातों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित पोषण, संक्रमण से बचाव और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी निगरानी पर विशेष जोर दिया गया. राष्ट्रीय नवजात सप्ताह 15 से 21 नवंबर तक मनाया जा रहा है. इस वर्ष इसकी थीम 'छोटे बच्चे, बड़ी क्षमता : सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर देखभाल में निवेश' रखी गई है. कार्यक्रम का उद्देश्य नवजातों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके सुरक्षित और स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करना है.
समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों पर विशेष ध्यान
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा ने कहा कि नवजात की देखभाल स्वस्थ समाज की बुनियाद है. खासकर समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन वाले और बीमार बच्चों को सामान्य नवजातों की तुलना में अधिक देखभाल की जरूरत होती है. उन्होंने कहा कि जन्म के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच, मां का दूध, उचित पोषण, संक्रमण से बचाव और समय पर चिकित्सकीय सलाह से नवजात मृत्यु दर कम करने में मदद मिल सकती है. साथ ही भविष्य में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को भी रोका जा सकता है.
SNCU से छुट्टी के बाद भी बच्चों की होगी निगरानी
सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) से छुट्टी पाने वाले बच्चों का नियमित फॉलोअप हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया. स्वास्थ्यकर्मी जोखिम वाले नवजातों के घर जाकर उनके वजन, पोषण और शारीरिक विकास की निगरानी करेंगे. इसके अलावा अभिभावकों को कंगारू मदर केयर (केएमसी), स्तनपान और नवजात की देखभाल के सही तरीकों की जानकारी दी जाएगी. कार्यशाला में जोखिम वाले नवजातों की पहचान, उनकी सूची तैयार करने, संयुक्त गृह भ्रमण, समय पर स्वास्थ्य जांच, रेफरल और नियमित फॉलोअप जैसे विषयों पर चर्चा हुई. बच्चों की सुनने की क्षमता की जांच और स्वास्थ्य केंद्रों तथा समुदाय के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया.
21 नवंबर को कटे होंठ और तालु का होगा मुफ्त इलाज
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने एक विशेष स्वास्थ्य सुविधा की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि कटे होंठ और कटे तालु की समस्या से प्रभावित बच्चों का 21 नवंबर 2026 को सदर अस्पताल, देवघर में निःशुल्क उपचार किया जाएगा. यह सुविधा देविनिका अस्पताल के सहयोग से उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और प्रभावित बच्चों का उपचार जरूर कराएं.
स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों ने लिया हिस्सा
कार्यशाला में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार, वीबीडी पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. केके सिंह, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. अशोक अनुज, डीपीसी प्रवीण सिंह, डीडीएम पोखराज, राजीव अभिजीत, कासिम और शंकर सहित एसएनसीयू की स्टाफ नर्स एवं शहरी सहिया मौजूद रहीं. कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नवजात की देखभाल सिर्फ जन्म के समय तक सीमित नहीं है. बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए नियमित चिकित्सकीय निगरानी, परिवार की जागरूकता और स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन पर होगी स्क्रीनिंग: इरफान अंसारी

13 दिसंबर से शुरू होगा देवघर प्रीमियर लीग, 5 दिसंबर को खिलाड़ियों का ऑक्शन, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन : एसपी

भूषण बाड़ा मामले पर पहली बार CM हेमंत सोरेन की आई प्रतिक्रिया, कहा- किसी कीमत पर गलत को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार

झारखंड कैबिनेट में 41 प्रस्तावों पर मुहर, सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता

बाबा मंदिर के प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को हटाने की मांग, तीर्थ पुरोहित महासभा ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


