जसीडीह स्टेशन पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली हुई तो दर्ज होगी FIR, मेयर ने दी चेतावनी
जसीडीह स्टेशन पर पार्किंग के नाम पर अधिक वसूली की शिकायत पर नगर निगम सख्त. डिप्टी मेयर ने अवैध वसूली पर FIR कराने की चेतावनी दी.

Deoghar:- जसीडीह रेलवे स्टेशन पर पार्किंग शुल्क के नाम पर निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है. ऑटो और टोटो चालकों के विरोध के बाद बुधवार को मेयर रवि कुमार राउत और डिप्टी मेयर टिप चटर्जी स्टेशन पहुंचे. दोनों ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर कथित अवैध वसूली पर नाराजगी जताई और तय दर से ही शुल्क लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. मेयर और डिप्टी मेयर ने स्पष्ट किया कि पार्किंग के नाम पर चालकों से मनमानी राशि वसूलने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती. उन्होंने रेलवे अधिकारियों से संवेदक को निर्धारित शुल्क लेने का निर्देश देने और उसके एजेंटों की पहचान सुनिश्चित करने की मांग की.
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
मेयर रवि कुमार राउत ने कहा कि स्टेशन पर पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं. इस संबंध में रेलवे अधिकारियों से बातचीत की गई है और उन्हें मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने को कहा गया है. उन्होंने ऑटो और टोटो चालकों से अपील की कि यदि उनसे निर्धारित शुल्क से अधिक राशि मांगी जाती है तो वे लिखित शिकायत दें. शिकायत के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
रेलवे संवेदक अपनी सीमा में रहें : डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर टिप चटर्जी ने संवेदक को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रेलवे के संवेदक रेलवे की निर्धारित सीमा तक ही अपना काम रखें. नगर निगम क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने रेलवे अधिकारियों से संवेदक के सभी एजेंटों को पहचान पत्र जारी करने की मांग की, ताकि उनकी पहचान स्पष्ट रहे. उन्होंने स्टेशन पर ऑटोमैटिक पार्किंग टिकट व्यवस्था लागू करने का भी सुझाव दिया. इससे शुल्क वसूली में पारदर्शिता आएगी और चालकों को बेवजह की परेशानी से राहत मिलेगी.
अवैध वसूली पर निगम कराएगा FIR
डिप्टी मेयर ने बताया कि नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम और सूचना टीम समय-समय पर इस पूरे मामले पर नजर रखेगी. निगम क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से पैसे वसूलते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ नगर निगम की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि वह खुद भी इस मामले की निगरानी करेंगी और किसी तरह की मनमानी नहीं होने देंगी. संवेदक को चेताते हुए उन्होंने कहा कि वह जसीडीह में ही रहती हैं, इसलिए इस मामले में लापरवाही या मनमानी करने की कोशिश न की जाए. उन्होंने दोहराया कि रेलवे के संवेदक रेलवे परिसर तक सीमित रहें और नगर निगम क्षेत्र में हस्तक्षेप न करें.
चालकों ने भी रखीं अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान ऑटो और टोटो चालकों ने अपनी समस्याएं रेलवे अधिकारियों और नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं. चालकों ने निर्धारित दर से अधिक वसूली पर रोक लगाने की मांग की. मौके पर वार्ड पार्षद संदीप कुमार, ऑटो चालक, यूनियन के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद थे. नगर निगम के इस रुख के बाद अब जसीडीह स्टेशन के आसपास पार्किंग शुल्क वसूली और संवेदक के एजेंटों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन पर होगी स्क्रीनिंग: इरफान अंसारी

13 दिसंबर से शुरू होगा देवघर प्रीमियर लीग, 5 दिसंबर को खिलाड़ियों का ऑक्शन, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन : एसपी

भूषण बाड़ा मामले पर पहली बार CM हेमंत सोरेन की आई प्रतिक्रिया, कहा- किसी कीमत पर गलत को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार

झारखंड कैबिनेट में 41 प्रस्तावों पर मुहर, सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता

बाबा मंदिर के प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को हटाने की मांग, तीर्थ पुरोहित महासभा ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


