चतरा विधायक जनार्दन पासवान का WhatsApp अकाउंट हैक!, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे
चतरा विधायक जनार्दन पासवान का WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है. उनके नंबर से परिचितों को मैसेज भेजकर 56 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है. विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी पैसे संबंधी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के कोई रकम ट्रांसफर न करें.

Chatra: चतरा से LJP (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान का WhatsApp अकाउंट हैक होने की जानकारी सामने आई है. विधायक के मुताबिक, उनके नंबर से जुड़े WhatsApp अकाउंट के जरिए परिचितों और संपर्क में मौजूद लोगों से पैसों की मांग की जा रही है. कुछ लोगों को करीब 56 हजार रुपये भेजने का मैसेज किया गया है और रकम दो घंटे में लौटाने की बात कही गई है. मामला सामने आने के बाद विधायक ने खुद फोन कर लोगों को सावधान किया है और किसी भी तरह का भुगतान नहीं करने की अपील की है. WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट में भी पैसे की मांग वाला संदेश और सुरक्षा कोड बदलने से जुड़ा नोटिफिकेशन दिखाई दे रहा है. जनार्दन पासवान चतरा से मौजूदा विधायक हैं.
'एक भी पैसा न भेजें', विधायक ने लोगों को किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने अपने संपर्क में मौजूद लोगों को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनके WhatsApp से अगर पैसे मांगने वाला कोई मैसेज आता है तो उस पर भरोसा न करें और किसी भी खाते या UPI नंबर पर रकम ट्रांसफर न करें. सामने आए स्क्रीनशॉट में WhatsApp की ओर से सिक्योरिटी कोड बदलने का नोटिफिकेशन भी दिखाई दे रहा है. हालांकि, अकाउंट के साथ तकनीकी तौर पर क्या हुआ और इसे किसने एक्सेस किया, इसकी आधिकारिक जांच की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.




