Ranchi Missing Baby Case: 18 महीने की बच्ची 3 दिन से लापता, ₹50 हजार इनाम घोषित, BJP ने पुलिस को दिया अल्टीमेटम
रांची में 18 महीने की मासूम बच्ची तीन दिनों से लापता है. पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और सुराग देने वाले के लिए ₹50 हजार इनाम घोषित किया गया है. बीजेपी नेताओं ने मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया है.

रांची : राजधानी रांची से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है. पिछले तीन दिनों से 18 महीने की एक मासूम बच्ची लापता है. बच्ची के गायब होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है.
पुलिस ने बच्ची का सुराग देने वाले के लिए ₹50 हजार इनाम की घोषणा की है. वहीं, रांची के सीटी एसपी खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है.
परिवार से मिलने पहुंचे BJP नेता
सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, मेयर रोशनी खलखो समेत कई बड़े नेता पहुंचे. इस दौरान नेताओं ने परिवार को भरोसा दिलाया कि बच्ची को जल्द खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. बीजेपी नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाते हुए 36 घंटे के भीतर बच्ची को बरामद करने का अल्टीमेटम भी दिया है. आदित्य साहू ने कहा कि राजधानी से एक 18 महीने की बच्ची का गायब हो जाना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द बच्ची का पता नहीं चलता है तो बीजेपी का हर एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जवाब मांगेगा.
पुलिस की जांच में सामने आईं 3 बड़ी थ्योरी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में तीन अलग-अलग थ्योरी पर जांच चल रही है.
1. हादसे की आशंका
बच्ची के घर के पास एक बड़ा नाला बहता है. पिछले दिनों रांची में लगातार बारिश भी हुई थी. ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं बच्ची हादसे का शिकार तो नहीं हुई. आसपास के नालों और इलाकों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
2. बच्चा चोरी गैंग का एंगल
राजधानी रांची में बच्चा चोरी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी अंश-अंशिका समेत कई बच्चों के किडनैपिंग के मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है.
3. दुश्मनी का एंगल
पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि कहीं किसी पुरानी दुश्मनी या रंजिश के कारण बच्ची को गायब तो नहीं किया गया.
लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है. कई टीमों को जांच में लगाया गया है. CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि बच्ची के बारे में कोई सुराग मिल सके. पूरे रांची में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है और लोग बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की दुआ कर रहे हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment