देवघर जिला क्रिकेट लीग: शुभ अर्पित का शतक, केंट क्लब और अंगद अकादमी की शानदार जीत
देवघर जिला क्रिकेट लीग 2026-27 में शुभ अर्पित ने 113 रन बनाए. केंट क्रिकेट क्लब ने डीसीए ब्लैक और अंगद अकादमी ने मां मनसा क्लब ए को हराया.

Deoghar: देवघर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित देवघर जिला क्रिकेट लीग 2026-27 में शनिवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए. केकेएन स्टेडियम में हुए पहले मैच में केंट क्रिकेट क्लब ने डीसीए ब्लैक को दो विकेट से हराया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए ब्लैक की टीम 35 ओवर में 227 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. शुभ अर्पित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 चौके और तीन छक्कों की मदद से 113 रनों की शतकीय पारी खेली. मंटू मंडल ने 30 रन बनाए. केंट की ओर से अभिषेक भोक्ता ने तीन और रुद्र आर्यन ने दो विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी केंट क्रिकेट क्लब की टीम ने 28.3 ओवर में आठ विकेट खोकर 228 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली. मोहम्मद अबरार ने 72 और आदित्य राउत ने 52 रन बनाए. रुद्र और सुमित ने भी 33-33 रनों का योगदान दिया. डीसीए ब्लैक की ओर से क्षितिज ने तीन और शुभ अर्पित ने दो विकेट लिए.
नीरज की घातक गेंदबाजी, अंगद अकादमी ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
लीग का दूसरा मुकाबला जसीडीह स्थित चटर्जी ग्राउंड में अंगद क्रिकेट अकादमी और मां मनसा क्लब ए के बीच खेला गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मां मनसा क्लब ए की टीम 18.5 ओवर में महज 90 रन पर सिमट गई. प्रशांत राजभर ने तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 37 रन बनाए. उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. अंगद क्रिकेट अकादमी की ओर से नीरज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 28 रन देकर छह विकेट झटके. आयुष कुमार को भी दो विकेट मिले. जवाब में अंगद अकादमी ने 91 रनों का लक्ष्य 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. अभिनव सिंह ने 27 और रोहित राज ने 25 रन बनाए. मां मनसा क्लब ए की ओर से राहुल प्रसाद ने दो विकेट लिए. इस तरह अंगद क्रिकेट अकादमी ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की. पहले मैच में शशांक शशि और राजेश दुबे तथा दूसरे मैच में मधुगिरी पांडे और मोहम्मद इमरान अंसारी ने अंपायर की भूमिका निभाई.

