छठ घाटों पर सुरक्षा का पहरा, शिवगंगा और नंदन पहाड़ में तैनात होगी NDRF की टीम
छठ महापर्व को लेकर देवघर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. डीसी सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बिजली, ट्रैफिक और आपातकालीन सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं.

देवघर:- लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन इस बार घाटों पर विशेष इंतजाम करने में जुटा है. शनिवार को डीसी सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया. अधिकारियों ने साफ-सफाई, रोशनी, बिजली, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. सबसे खास इंतजाम शिवगंगा और नंदन पहाड़ में किए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की टीम नाव और बचाव उपकरणों के साथ तैनात रहेगी. इसके अलावा घाटों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने तालाबों और जलाशयों की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर भी सख्ती दिखाई है. अधिकारियों को छठ से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.
शिवगंगा समेत सात घाटों का अधिकारियों ने लिया जायजा
डीसी और एसपी ने निरीक्षण के दौरान शिवगंगा सरोवर, डढ़वा नदी, नावाडीह घाट, नंदन पहाड़ फिल्टर, मंगल तालाब, जलसार तालाब और नौकाबांध सहित कई प्रमुख स्थलों का जायजा लिया. अधिकारियों ने घाटों की मौजूदा स्थिति देखते हुए संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रास्ते तैयार करने का निर्देश दिया. प्रशासन का जोर इस बात पर है कि छठ के दौरान व्रतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
शिवगंगा और नंदन पहाड़ में NDRF संभालेगी मोर्चा
जलाशयों में डूबने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए शिवगंगा और नंदन पहाड़ में एनडीआरएफ की टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है. टीम के पास नाव और जरूरी बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे. इसके अलावा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है. भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती भी होगी.
एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और अग्निशमन वाहन रहेंगे तैनात
प्रशासन ने छठ घाटों पर आपातकालीन सुविधाओं को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है. नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली और अग्निशमन विभाग को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है. जरूरत के मुताबिक एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. घाटों पर बिजली कनेक्शन की जांच, पर्याप्त लाइटिंग और आपातकालीन वाहनों के पहुंचने के लिए रास्ते खुले रखने पर भी जोर दिया गया है.
जलाशयों की जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान डीसी ने तालाबों और जलाशयों के आसपास अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने नगर निगम और संबंधित अंचल अधिकारियों को जलाशयों की जमीन की मापी कराकर सीमांकन करने का निर्देश दिया. प्रमुख स्थानों पर सरकारी जमीन से संबंधित सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जलाशयों की जमीन पर अवैध कब्जा करने या वहां गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए नियमित निगरानी भी होगी.
छठ समितियों से सफाई और व्यवस्था में सहयोग की अपील
डीसी ने छठ पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से घाटों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित छठ आयोजन के लिए सरकारी तैयारियों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार समेत नगर निगम, बिजली, पेयजल और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन ने सभी विभागों को पर्व से पहले तैयारियां पूरी करने और घाटों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है.

