क्राइस्ट स्कूल में दीपोत्सव की धूम, बच्चों की रंगोली और कलाकृतियों ने मोहा मन
देवघर के गोंदलीटांड़ स्थित क्राइस्ट स्कूल में दीपावली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया. विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली, दीप सज्जा और कलाकृतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई. मुख्य अतिथि उप महापौर टिप चटर्जी और संस्था के संचालक भोला सिंह ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया.

Deoghar: देवघर प्रखंड के खोरीपानन के समीप गोंदलीटांड़ स्थित क्राइस्ट स्कूल में दीपावली की पूर्व संध्या पर हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यालय परिसर रंगों, रोशनी और रचनात्मकता से जगमगा उठा. विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में आकर्षक रंगोलियां बनाईं और दीपों को सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. दीपावली से जुड़ी विभिन्न आकृतियों और रंग-बिरंगी कलाकृतियों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की. विद्यार्थियों की मेहनत और कल्पनाशीलता ने सभी का मन मोह लिया. शिक्षकों और अभिभावकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
उप महापौर टिप चटर्जी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
समारोह में संस्था के संचालक एवं समाजसेवी भोला सिंह तथा मुख्य अतिथि उप महापौर टिप चटर्जी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारना भी है. ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं. विद्यालय की प्राचार्या शोभा सिंह ने भी कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की. कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक साइप्रियन तिग्गा, प्रिया सिंह, विजय कुमार और नमिता वर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों का योगदान रहा. समारोह का समापन दीपावली की शुभकामनाओं के साथ हुआ.

