देवघर पहुंचे देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, संताल परगना कमिश्नर शैलेंद्र कुमार लाल ने किया स्वागत
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे. एयरपोर्ट पर न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया तथा जैप-1 के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया.

देवघर:- भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे. उनके आगमन पर देवघर एयरपोर्ट पर न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान जैप-1 के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. एयरपोर्ट पर स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्य न्यायाधीश बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया.
इसके बाद न्यायमूर्ति सूर्यकांत देवघर व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर में शामिल हुए. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाना और जरूरतमंदों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है. शिविर में सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट के कई न्यायमूर्तियों सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र के अधिकारी मौजूद रहे.
एयरपोर्ट पर न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत
मुख्य न्यायाधीश के देवघर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर विशेष स्वागत की व्यवस्था की गई थी. झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश केके झा तथा झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजन अस्थाना ने उनका अभिनंदन किया. अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
जैप-1 के जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
मुख्य न्यायाधीश के आगमन पर जैप-1 के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान प्रकट किया. इस दौरान संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, डीआईजी अंबर लकड़ा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी उनका स्वागत किया.
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद न्यायमूर्ति सूर्यकांत बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर में उन्होंने बाबा भोलेनाथ के दरबार में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की. धार्मिक नगरी देवघर पहुंचने पर उनका यह दौरा मंदिर दर्शन के साथ शुरू हुआ. पूजा के बाद वे व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे.
राज्यस्तरीय विधिक सेवा शिविर में शामिल हुए मुख्य न्यायाधीश
झालसा, रांची की ओर से देवघर जिला प्रशासन के सहयोग से राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के विधिक सेवा शिविर मॉड्यूल के तहत हुआ. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत शामिल हुए. सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.
कमजोर वर्गों तक कानूनी सहायता पहुंचाना मुख्य उद्देश्य
कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय समेत अन्य न्यायिक अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे. शिविर का प्रमुख उद्देश्य आम नागरिकों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना है. इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया.

