झारखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और बारिश की चेतावनी दी है. बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका और साहिबगंज समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जतायी गयी है.

झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. राज्य के कई जिलों में जहां दिन के समय तेज गर्मी महसूस की जा रही है, वहीं दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने से आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. खासकर संथाल और कोल्हान क्षेत्र के कुछ जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जतायी गयी है. इसके साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की भी चेतावनी दी गयी है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है. आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान लगाया गया है.
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ वज्रपात और मेघ गर्जन की भी चेतावनी जारी की गयी है.
वहीं रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
21 और 22 मई को लू के साथ बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 21 और 22 मई को पलामू प्रमंडल के कुछ जिलों में गर्मी का असर बढ़ सकता है. गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में लू चलने की आशंका जतायी गयी है. हालांकि दोपहर बाद कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना भी बनी हुई है.
राज्य के अन्य हिस्सों में भी दिन में तेज धूप और उमस के बाद शाम के समय तेज हवा और मेघ गर्जन देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सावधान रहने की सलाह दी है.
23 मई तक जारी रहेगा मौसम का असर
23 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा और साहिबगंज सहित कई जिलों में फिर से तेज आंधी और बारिश की संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
विभाग के अनुसार 25 मई तक राज्य के सभी जिलों में कहीं न कहीं आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. इस बीच रांची के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है, जबकि मेदिनीनगर और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी बनी हुई है. वहीं कुछ जिलों में तेज हवा और हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment