झारखंड के 48 नगर निकायों में मतगणना शुरू, काउंटिंग सेंटरों पर उमड़ी भीड़
झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह से शुरू हो गई है. राज्य के विभिन्न जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जा रही है.

झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह से शुरू हो गई है. राज्य के विभिन्न जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जा रही है. काउंटिंग सेंटरों के बाहर समर्थकों और प्रत्याशियों की भारी भीड़ देखी जा रही है.
रांची में ट्रांसपोर्ट नगर काउंटिंग सेंटर पर सख्त सुरक्षा
राजधानी रांची के रिंग रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए गए काउंटिंग सेंटर में मतगणना जारी है. सुबह से ही हजारों की संख्या में समर्थक केंद्र के बाहर पहुंचे हैं. प्रशासन द्वारा सभी लोगों की गहन जांच की जा रही है. बिना पहचान पत्र वाले व्यक्तियों को प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया जा रहा है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं.
धनबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना शुरू
धनबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई. मतगणना केंद्र पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तैनाती की गई है. सुबह से ही समर्थकों और प्रत्याशियों की भीड़ केंद्र के बाहर जुटने लगी. हर राउंड के परिणाम को लेकर लोगों में उत्सुकता और उत्साह साफ देखा जा रहा है.
11 काउंटिंग हॉल में 117 टेबल पर गिनती
- धनबाद नगर निगम के महापौर और 55 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती के लिए 11 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं.
- कुल 117 टेबल पर मतों की गणना की जा रही है.
- चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और 21 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती 4 काउंटिंग हॉल में 24 टेबल पर हो रही है.
सबसे पहले वार्ड संख्या 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 की मतगणना शुरू की गई है. इसके बाद अन्य वार्डों की गिनती क्रमवार की जाएगी. प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना कराने का आश्वासन दिया है.
पलामू में भी मतगणना जारी
पलामू जिले में जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में सुबह 8 बजे से मतगणना कार्य शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है. मेदिनीनगर नगर निगम (वर्ग ख), विश्रामपुर नगर परिषद (वर्ग ख), हुसैनाबाद नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत और छतरपुर नगर पंचायत के सभी मतदान केंद्रों के मतों की गिनती एक ही परिसर में की जा रही है. निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से मतगणना कराई जा रही है. केंद्र के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
79 टेबल पर 14 राउंड में पूरी होगी मतगणना
- जिले में कुल 79 टेबल बनाए गए हैं.
- सभी निकायों की मतगणना 14 राउंड में पूरी होगी.
- प्रत्येक राउंड के बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए जाएंगे.
- पहले राउंड का परिणाम सुबह 11 बजे तक आने की संभावना है.
निकायवार व्यवस्था इस प्रकार है:
- मेदिनीनगर नगर निगम: 27 टेबल, 5 राउंड
- विश्रामपुर नगर परिषद: 13 टेबल, 3 राउंड
- हुसैनाबाद नगर पंचायत: 15 टेबल, 2 राउंड
- हरिहरगंज नगर पंचायत: 12 टेबल, 2 राउंड
- छतरपुर नगर पंचायत: 12 टेबल, 2 राउंड
प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा. सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment