कुएं में गिरा जंगली हाथी, घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू
रांची के सोनाहातू इलाके में एक जंगली हाथी खुले कुएं में गिर गया. वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हाथी को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया गया.

Ranchi: राजधानी रांची के बुंडू वन प्रक्षेत्र अंतर्गत सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी अचानक खुले कुएं में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे इलाके में हलचल तेज हो गई।
कुएं को काटकर बनाया गया रास्ता
हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से कुएं के एक हिस्से को काटकर ढलाननुमा रास्ता तैयार किया गया, ताकि हाथी खुद बाहर निकल सके।
ग्रामीणों ने भी निभाई अहम भूमिका
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। मोटर पंप के जरिए कुएं में पानी भरा गया, जिससे जलस्तर बढ़ने पर हाथी ऊपर की ओर आ सके। कई घंटों की कड़ी मेहनत और समन्वय के बाद आखिरकार हाथी तैयार किए गए रास्ते से बाहर निकलने में सफल रहा।
सुरक्षित जंगल की ओर लौटा हाथी
कुएं से बाहर निकलते ही हाथी तेजी से जंगल की ओर चला गया। वन विभाग के पदाधिकारी सुप्रियन टूटी के अनुसार, हाथी पूरी तरह सुरक्षित है और रेस्क्यू अभियान सफल रहा। हालांकि, मौके पर भारी भीड़ जुटने के कारण अभियान में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भोजन की तलाश में भटककर पहुंचा गांव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था और इसी दौरान खुले कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment