17-18 मई को झारखंड में बदलेगा मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में 17 और 18 मई को मौसम बिगड़ने वाला है. रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पलामू, गढ़वा और लातेहार में लू चलने की संभावना जताई गई है.


झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के असर से राज्य के कई हिस्सों में 16 से 21 मई तक तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने खास तौर पर 17 और 18 मई को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. वहीं कुछ इलाकों में गर्मी और लू का असर भी बना रहेगा. राजधानी रांची समेत उत्तर और संथाल परगना के कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवा और वज्रपात के कारण बिजली आपूर्ति और यातायात भी प्रभावित हो सकता है. दूसरी ओर, पलामू प्रमंडल में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है.
17 मई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 17 मई को रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और कोडरमा समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है.
18 मई को भी खराब रहेगा मौसम
18 मई को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही असर जारी रहेगा. रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है.
पलामू प्रमंडल में लू का असर, तापमान में गिरावट
एक ओर जहां कई जिलों में बारिश के आसार हैं, वहीं गढ़वा, पलामू और लातेहार में 16 से 18 मई तक लू चलने की संभावना बनी हुई है. 17 मई को चतरा में भी गर्म हवाएं चल सकती हैं. हालांकि मेदिनीनगर के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का फूटा गुस्सा, DEO कार्यालय का किया घेराव

रिम्स में मौत का भयावह सिलसिला: हॉस्टल में फंदे से लटका 2024 बैच का MBBS छात्र, एक दशक में 6 रहस्यमयी मौतें



Leave a comment