झारखंड में पहली बार रोबोटिक्स फेस्टिवल, छात्रों को मिलेगा टेक्नोलॉजी में बड़ा मंच
झारखंड में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग राज्य में पहली बार “झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल” आयोजित करने जा रहा है।


रांची: झारखंड में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग राज्य में पहली बार “झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल” आयोजित करने जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा, नवाचार और तकनीकी कौशल को मंच देना है। फेस्टिवल की तारीख जल्द घोषित की जाएगी, लेकिन इसकी घोषणा के साथ ही छात्रों और शिक्षण संस्थानों में उत्साह बढ़ गया है।
इस फेस्टिवल में राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का मकसद छात्रों को केवल सैद्धांतिक पढ़ाई तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी मॉडल विकसित करने के लिए प्रेरित करना है। खास तौर पर खनन, कृषि, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण जरूरतों से जुड़े इनोवेशन पर फोकस रहेगा।
प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में अधिकतम पांच छात्र शामिल होंगे और यह अनिवार्य होगा कि हर टीम में कम से कम दो छात्राएं हों। साथ ही, हर टीम को एक फैकल्टी मेंटर का मार्गदर्शन भी मिलेगा।
फेस्टिवल में रोबोटिक्स की कुल 11 श्रेणियां रखी गई हैं, जिनमें स्वायत्त ग्राउंड रोबोट, टेली-ऑपरेटेड रोबोट, एआई आधारित सेवा रोबोट, ड्रोन, ह्यूमनॉइड रोबोट, अंडरवाटर रोबोट और रोबोटिक आर्म्स जैसे अत्याधुनिक मॉडल शामिल हैं।
पूरे आयोजन को पांच चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में छात्र अपने आइडिया ऑनलाइन जमा करेंगे। इसके बाद करीब 120 टीमों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। तीसरे चरण में प्रेजेंटेशन के आधार पर 40 टीमों का चयन प्रोटोटाइप बनाने के लिए किया जाएगा।
चयनित 40 टीमों को अपने मॉडल तैयार करने के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। अंतिम चरण में रांची विज्ञान केंद्र में फाइनल प्रतियोगिता आयोजित होगी, जहां विजेता टीमों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि विजेता रोबोट्स को विज्ञान केंद्र में स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
पुरस्कार के तौर पर प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 5 लाख रुपये, द्वितीय को 3 लाख और तृतीय को 2 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिससे यह फेस्टिवल छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होने वाला है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
धनबाद में जहरीली गैस का रिसाव, CISF जवान समेत 5 लोग प्रभावित, सिलेंडर ब्लास्ट से जुड़ रहा मामला

रिम्स में बड़ी लापरवाही! HIV पॉजिटिव मरीज का बिना प्रिकॉशन ऑपरेशन, डॉक्टरों में संक्रमण का डर






Leave a comment