RIMS जमीन घोटाला: ACB का बड़ा एक्शन, फर्जी वंशावली के जरिए जमीन बेचने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) की जमीन पर अवैध कब्जा और धोखाधड़ी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Ranchi: रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) की जमीन पर अवैध कब्जा और धोखाधड़ी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी वंशावली तैयार कर सरकारी जमीन को निजी संपत्ति दिखाया और उसकी अवैध खरीद-बिक्री की.
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक बड़ाईक, राज किशोर बड़ाईक, चेतन कुमार और राजेश कुमार झा शामिल हैं. जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से जमीन के फर्जी सौदों में लिप्त था. कुछ आरोपी जमीन दलाल के रूप में सक्रिय थे, जबकि अन्य पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए दस्तावेजों में हेरफेर कर अवैध ट्रांजैक्शन को अंजाम दे रहे थे. गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
7 एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध कब्जा
मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 1964-65 में अधिग्रहित RIMS की सात एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध कब्जा कर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग, दुकानें और पार्क तक बना दिए गए थे. इतना ही नहीं, इन अवैध निर्माणों में कई फ्लैट्स की बिक्री भी कर दी गई थी. बाद में झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर इन अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया था.
हाईकोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
यह पूरा मामला हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका के बाद सामने आया. कोर्ट ने राजस्व विभाग, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय और RRDA के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए थे. इसके बाद ACB ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और अब ठोस सबूत मिलने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है.
कई धाराओं में केस दर्ज, जांच जारी
ACB थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (318/336/338/340/61/49) के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और संशोधित अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है. ACB के अनुसार, इस घोटाले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है. RIMS जमीन घोटाले में हुई यह कार्रवाई रांची में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी पहल मानी जा रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
“ट्रेनें समय पर चलाओ, वरना मालगाड़ी रोकेंगे”: टाटानगर में सरयू राय का बड़ा ऐलान






Leave a comment