झारखंड के सरकारी अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया शुरू, JPSC को भेजी गई अधियाचना
झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से बनी कमी को दूर करने के लिए 666 विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.


Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से बनी कमी को दूर करने के लिए 666 विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को अधियाचना भेज दी है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की पहल पर यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है. सरकार का मानना है कि इस बहाली से जिला अस्पतालों और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा. नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों के पदों पर नियुक्ति की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग की पहल पर तेज हुई प्रक्रिया
स्वास्थ्य विभाग ने 20 मार्च 2026 को कार्मिक विभाग को पत्र भेजकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था. इसके बाद कार्मिक विभाग ने 16 अप्रैल 2026 को आरक्षण रोस्टर के साथ अधियाचना JPSC को भेज दी. अब आयोग द्वारा चयन प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है, जिससे जल्द विज्ञापन जारी हो सकता है.
कुल पद: नियमित और बैकलॉग मिलाकर 666
- नियमित पद: 506
- बैकलॉग पद: 160
पदवार रिक्तियां
- फिजिशियन: 214 + 12 बैकलॉग
- शिशु रोग विशेषज्ञ: 172 + 52 बैकलॉग
- एनेस्थेटिस्ट: 28 + 29 बैकलॉग
- स्त्री रोग विशेषज्ञ: 12 + 16 बैकलॉग
- सर्जन: 10 + 14 बैकलॉग
- रेडियोलॉजिस्ट: 26 + 2 बैकलॉग
- फोरेंसिक विशेषज्ञ: 18 + 2 बैकलॉग
- चर्म रोग विशेषज्ञ: 6 + 7 बैकलॉग
- ईएनटी: 4 + 5 बैकलॉग
- नेत्र रोग विशेषज्ञ: 4 + 6 बैकलॉग
- अस्थि रोग विशेषज्ञ: 4 + 8 बैकलॉग
- पैथोलॉजिस्ट: 4
- मनोचिकित्सक: 4 + 7 बैकलॉग
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा सहारा
सरकार के अनुसार यह नियुक्ति झारखंड राज्य गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सक नियमावली 2015 के तहत की जाएगी. इस बहाली से जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होने की उम्मीद है. इससे मरीजों को बेहतर इलाज और रेफरल के मामलों में कमी आने की संभावना है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.







Leave a comment