रांची को जाम से मिलेगी राहत! अरगोड़ा से डिबडीह तक बनेगा 470 करोड़ का एलिवेटेड रोड
राज्य सरकार ने अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 469.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

झारखंड की राजधानी रांची में हर दिन लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 469.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पथ निर्माण विभाग की ओर से स्वीकृत यह प्रोजेक्ट हरमू स्थित KAV रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह पुल के समीप सेलर नॉट रेस्टोरेंट तक बनाया जाएगा। परियोजना के तहत कठल मोड़ (चापुटोली) और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक अतिरिक्त कनेक्टिंग लेग भी तैयार किए जाएंगे, जिससे आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी पहले से बेहतर होगी।
करीब 3.804 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड में सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। सरकार का मानना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद अरगोड़ा चौक, हरमू, अशोक नगर और डिबडीह जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक दबाव काफी कम हो जाएगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट को झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण (JSHA) के माध्यम से पूरा किया जाएगा। सरकार ने निर्माण कार्य को दो चरणों में पूरा करने की योजना बनाई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 280.62 करोड़ रुपये खर्च कर 60 प्रतिशत काम पूरा किया जाएगा, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य 2027-28 में करीब 189 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होगा।
इस परियोजना को पहले ही मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिल चुकी है। माना जा रहा है कि एलिवेटेड रोड बनने के बाद राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और लोगों का सफर पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो जाएगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment