रांची के होटल कारोबारी आशीष भाटिया के बेटे लव भाटिया की मौत, पुलिस बोली- जहर खाने से गई जान

Ranchi News: राजधानी रांची के चर्चित कारोबारी परिवार से एक दुखद खबर सामने आई है. शहर के बड़े होटल कारोबारी आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया की गुरुवार को मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस जहर खाने से मौत होने की आशंका जता रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लव भाटिया को गंभीर हालत में लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्किड अस्पताल ले जाया गया था. जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि शुरुआती स्तर पर जहर खाने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
लव भाटिया राजधानी के चर्चित कारोबारी आशीष भाटिया के पुत्र थे. परिवार लंबे समय से होटल और फूड बिजनेस से जुड़ा हुआ है. मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट्स, होटल कैपिटल हिल और चर्च कॉम्प्लेक्स का कावेरी रेस्टोरेंट इसी परिवार के प्रमुख कारोबारों में शामिल हैं. इसके अलावा हरमू, कांके रोड और सर्कुलर रोड समेत शहर के कई हिस्सों में कावेरी रेस्टोरेंट संचालित हैं. बताया जाता है कि लव भाटिया खुद सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी संभालते थे और कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.
घटना के बाद शहर के कारोबारी वर्ग और परिचितों में शोक का माहौल है. वहीं, मौत की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं. हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है और कहा है कि जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
पंडरा में बनेगा स्ट्रीट वेंडर्स हब, संजय सेठ और मेयर रौशनी खलखो ने खाली जमीन का किया निरीक्षण






Leave a comment