झारखंड में आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर सियासत तेज, भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग लेकर राज्यपाल से मिले BJP नेता
कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण समेत गंभीर आरोपों को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है. भाजपा एसटी मोर्चा ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर विधायक की गिरफ्तारी, पीड़िता की सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

Ranchi :- झारखंड में महिलाओं और आदिवासी नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है. सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए जाने के मामले में भाजपा ने राज्य सरकार को घेरा है. भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक की गिरफ्तारी, पीड़िता को सुरक्षा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर किसके निर्देश पर ले जाया गया. पार्टी ने इस पूरे मामले में राजनीतिक दबाव से मुक्त कार्रवाई की मांग की है.
भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों को लेकर राज्यपाल से शिकायत
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया. पार्टी की ओर से दावा किया गया कि विधायक पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप हैं. भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपी विधायक की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई. उन्होंने मामले की न्यायिक निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की.
पीड़िता को विधायक आवास ले जाने पर उठाए सवाल
प्रतिनिधिमंडल ने मामले में पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर ले जाने की घटना पर भी सवाल खड़े किए. भाजपा नेताओं ने पूछा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़िता को वहां किसके आदेश पर ले जाया गया? क्या इस दौरान उस पर दबाव बनाने या उसके बयान को प्रभावित करने की कोशिश हुई? पार्टी ने इन सभी बिंदुओं की स्वतंत्र जांच कराने और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
निशा भगत समेत अन्य मामलों की जांच की मांग
भाजपा एसटी मोर्चा ने राज्यपाल के सामने झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े अन्य मामलों को भी उठाया. प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. इसके अलावा इन मामलों को सामने लाने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की भी समीक्षा करने का आग्रह किया.
राजनीतिक दबाव से मुक्त जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से आग्रह किया कि सभी मामलों की जांच किसी स्वतंत्र और सक्षम एजेंसी से समयबद्ध तरीके से कराई जाए. प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि आदिवासी महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक प्रभाव के आधार पर कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए. पार्टी ने पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की.
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक और आरती कुजूर शामिल थे. इनके अलावा पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया समेत अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
संबंधित ख़बरें
और POLITICS ख़बरेंझारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल, 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन; तीन महीने का वेतन बकाया
विशाखापत्तनम में पुल से गिरकर झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार को मिली 50 हजार की सहायता
विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित मामले पर दीपक बिरुआ ने निष्पक्ष जांच की मांग की, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

देवघर: ऑटिज्म पीड़ित 13 वर्षीय सत्यम का आधार कार्ड बनवाने की पहल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने का DC ने दिया निर्देश

झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर, 19 से 22 नवंबर तक बारिश के आसार; 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मंझीलाडीह में कार्तिक उद्यापन पर भव्य कलश यात्रा, शामिल हुए बादल पत्रलेख


