विशाखापत्तनम में पुल से गिरकर झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार को मिली 50 हजार की सहायता
देवघर के सोनारायठाढ़ी निवासी प्रवासी मजदूर जितेंद्र रजक की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में पुल निर्माण के दौरान गिरने से मौत हो गई थी. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर उनकी मां मोरनी देवी को मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी मजदूर दुर्घटना कोष से ₹50 हजार की सहायता राशि दी गई.

देवघर:- दूसरे राज्य में रोजगार की तलाश में गए झारखंड के एक मजदूर की दुर्घटना में मौत के बाद जिला प्रशासन ने उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है. देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड निवासी जितेंद्र रजक की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में पुल निर्माण कार्य के दौरान गिरने से मौत हो गई थी. इस मामले में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत मृतक की मां मोरनी देवी को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई. मंगलवार को श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार साह ने उन्हें सहायता राशि का चेक सौंपा.देवघर के सोनारायठाढ़ी निवासी जितेंद्र रजक की आंध्र प्रदेश में हुई थी दुर्घटना में मौत, उपायुक्त के निर्देश पर मां को सौंपा गया चेक; प्रवासी मजदूरों से श्रमाधान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील
पुल निर्माण के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, सोनारायठाढ़ी गांव निवासी जितेंद्र रजक (पिता स्व. देबु बैठा) रोजगार के सिलसिले में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम गए थे. वहां वह पुल निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे. इसी दौरान 7 सितंबर 2026 को पुल से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. आर्थिक सहायता के लिए मृतक की मां मोरनी देवी ने सोनारायठाढ़ी के प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में आवेदन दिया था.
उपायुक्त के निर्देश पर मां को मिला 50 हजार का चेक
मोरनी देवी के आवेदन की जांच के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इसे श्रम अधीक्षक कार्यालय को भेजा. इसके बाद श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार साह ने मामले में त्वरित कार्रवाई की. उपायुक्त के निर्देशानुसार मंगलवार को मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत मृतक की मां को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया. इस दौरान उन्हें प्रवासी श्रमिकों के निबंधन और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
पंजीकृत श्रमिक के परिवार को मिलते हैं 2 लाख रुपये
श्रम अधीक्षक ने बताया कि दूसरे राज्यों में काम करने जाने वाले झारखंड के श्रमिकों को श्रमाधान पोर्टल पर निबंधन जरूर कराना चाहिए. उन्होंने बताया कि दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा में मृत्यु होने पर पंजीकृत श्रमिक के आश्रितों को 2 लाख रुपये, जबकि अपंजीकृत श्रमिक के परिवार को 1.5 लाख रुपये की सहायता देने का प्रावधान है.
अंग गंवाने पर भी आर्थिक सहायता का प्रावधान
श्रम विभाग के प्रावधानों के अनुसार, दुर्घटना में दोनों आंखों या दोनों अंगों की हानि होने पर पंजीकृत श्रमिक को 2 लाख रुपये और अपंजीकृत श्रमिक को 1.5 लाख रुपये दिए जाते हैं. वहीं, एक आंख या एक अंग की हानि होने पर पंजीकृत श्रमिक को 1 लाख रुपये और अपंजीकृत श्रमिक को 75 हजार रुपये की सहायता मिलती है.
शव को पैतृक आवास पहुंचाने के लिए भी मिलती है मदद
श्रम अधीक्षक ने बताया कि सामान्य मृत्यु की स्थिति में भी प्रवासी श्रमिक के पार्थिव शरीर को पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए सहायता का प्रावधान है. इसके तहत पंजीकृत और अपंजीकृत दोनों श्रमिकों के आश्रितों को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है.श्रम विभाग ने झारखंड से बाहर रोजगार के लिए जाने वाले सभी श्रमिकों से श्रमाधान पोर्टल पर अपना निबंधन कराने की अपील की है. विभाग का कहना है कि पंजीकरण होने से दुर्घटना या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में श्रमिकों के परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलती है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड के मतदाताओं के लिए आखिरी मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप
झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल, 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन; तीन महीने का वेतन बकाया
झारखंड में आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर सियासत तेज, भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग लेकर राज्यपाल से मिले BJP नेता

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित मामले पर दीपक बिरुआ ने निष्पक्ष जांच की मांग की, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

देवघर: ऑटिज्म पीड़ित 13 वर्षीय सत्यम का आधार कार्ड बनवाने की पहल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने का DC ने दिया निर्देश

झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर, 19 से 22 नवंबर तक बारिश के आसार; 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट


