झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल, 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन; तीन महीने का वेतन बकाया
झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों ने 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है. अगस्त से अक्टूबर 2026 तक वेतन बकाया समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारी NHM कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे.

रांची: झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के कर्मचारी 18 नवंबर 2026 की रात 8 बजे से हड़ताल शुरू करेंगे. इस दौरान कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी करेंगे.संघ का कहना है कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है. ऐसे में अब कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है.
तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारी
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी के मुताबिक, कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन बकाया है. इसके अलावा फरवरी 2025 से कथित तौर पर मनमाने तरीके से की गई वेतन कटौती की जांच कराने और काटी गई राशि वापस करने की मांग भी अब तक पूरी नहीं हुई है.
कर्मचारियों ने संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है. साथ ही खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान और कर्मचारियों पर कथित तौर पर फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव डालने जैसे मुद्दों को भी आंदोलन में शामिल किया गया है.
संघ ने आरोप लगाया है कि एम्बुलेंस की मरम्मत के लिए भी कर्मचारियों पर अपनी जेब से पैसे खर्च करने का दबाव बनाया जाता है. इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किया गया, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद हर बार हड़ताल स्थगित करनी पड़ी.
छठ पूजा तक समाधान का मिला था भरोसा
नीरज तिवारी ने बताया कि इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों का छठ पूजा तक समाधान करने का आश्वासन दिया गया था. अधिकारियों के भरोसे पर संघ ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था.
हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को बकाया वेतन नहीं मिला और न ही अन्य लंबित समस्याओं का समाधान किया गया. इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है.
अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहते हैं कर्मचारी
संघ ने स्पष्ट किया है कि अब कर्मचारी केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर अपना आंदोलन वापस नहीं लेंगे. उनकी मांग है कि सभी लंबित मामलों की जांच कराई जाए, बकाया वेतन का भुगतान किया जाए और वेतन कटौती समेत अन्य समस्याओं का समाधान किया जाए.
संघ के मुताबिक, जब तक कर्मचारियों की सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और उन्हें उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. ऐसे में 108 एम्बुलेंस सेवा पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह देखना अहम होगा.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड के मतदाताओं के लिए आखिरी मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप
विशाखापत्तनम में पुल से गिरकर झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार को मिली 50 हजार की सहायता
झारखंड में आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर सियासत तेज, भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग लेकर राज्यपाल से मिले BJP नेता

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित मामले पर दीपक बिरुआ ने निष्पक्ष जांच की मांग की, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

देवघर: ऑटिज्म पीड़ित 13 वर्षीय सत्यम का आधार कार्ड बनवाने की पहल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने का DC ने दिया निर्देश

झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर, 19 से 22 नवंबर तक बारिश के आसार; 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट


