देवघर: ऑटिज्म पीड़ित 13 वर्षीय सत्यम का आधार कार्ड बनवाने की पहल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने का DC ने दिया निर्देश
देवघर के जनता दरबार में बरमसिया निवासी 13 वर्षीय सत्यम कुमार का मामला सामने आया. ऑटिज्म से प्रभावित सत्यम का बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण आधार कार्ड नहीं बन सका है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने उसका आधार बनवाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल करने का निर्देश दिया.

Deoghar :- आम लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं. किसी ने जमीन के दस्तावेजों में सुधार की गुहार लगाई, तो किसी ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की. इस दौरान बरमसिया निवासी 13 वर्षीय सत्यम कुमार का मामला भी सामने आया. जन्म से सुनने में असमर्थ और ऑटिज्म से प्रभावित सत्यम का आधार कार्ड नहीं बन पाने के कारण परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है. मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उसका आधार कार्ड बनवाने की दिशा में जरूरी पहल करने और उसे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया.
आधार नहीं बनने से योजनाओं के लाभ में आ रही परेशानी
जनता दरबार में बरमसिया निवासी 13 वर्षीय सत्यम कुमार का मामला सामने आने पर उपायुक्त ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई. सत्यम जन्म से सुनने में असमर्थ है और ऑटिज्म से भी प्रभावित है. उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति के कारण आधार पंजीकरण के लिए जरूरी बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई हो रही है. वह आंखों की पुतली और अंगुलियों के निशान की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाता, जिसके चलते अब तक उसका आधार कार्ड नहीं बन सका है. आधार नहीं होने के कारण परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है. उपायुक्त ने इस मामले में आवश्यक पहल करने और सत्यम को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया. साथ ही पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त कार्यालय को देने को कहा.
पंजी-II और लगान रसीद के मामलों में देरी पर नाराजगी
जनता दरबार में पांची देवी की ओर से भूमि संबंधी शिकायत रखे जाने के बाद उपायुक्त ने राजस्व मामलों के निष्पादन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. उन्होंने देवघर के अंचलाधिकारी समेत जिले के सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन पंजी-II में सुधार, भूमि अभिलेखों की त्रुटियों को दूर करने और लगान रसीद से संबंधित आवेदनों को बेवजह लंबित नहीं रखा जाए. सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए अंचल कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े.
दिव्यांग आवेदक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने का निर्देश
जनता दरबार में एक दिव्यांग आवेदक की समस्या पर भी उपायुक्त ने संज्ञान लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवेदक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
कई शिकायतों का मौके पर ही किया गया निष्पादन
जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से कुछ मामलों का संबंधित विभागों के माध्यम से मौके पर ही समाधान किया गया. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनके निष्पादन में अनावश्यक देरी न करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कराई जाएगी और पात्रता के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड के मतदाताओं के लिए आखिरी मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप
झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल, 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन; तीन महीने का वेतन बकाया
विशाखापत्तनम में पुल से गिरकर झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार को मिली 50 हजार की सहायता

झारखंड में आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर सियासत तेज, भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग लेकर राज्यपाल से मिले BJP नेता

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित मामले पर दीपक बिरुआ ने निष्पक्ष जांच की मांग की, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर, 19 से 22 नवंबर तक बारिश के आसार; 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट


