झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर, 19 से 22 नवंबर तक बारिश के आसार; 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान झारखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है. मौसम विभाग ने 19 से 22 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई है. 20 और 21 नवंबर को कोल्हान समेत दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है.

Jharkhand Wheather Update:- झारखंड में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान राज्य के मौसम को प्रभावित कर सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 22 नवंबर के बीच झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इसका असर सबसे ज्यादा दक्षिणी झारखंड यानी कोल्हान और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है. खासकर 20 और 21 नवंबर को कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के लिए तैयार रहना होगा.
बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा तूफान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान और इसके बाद अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई गई है.
120 से 130 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. वहीं, हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. इस मौसमी सिस्टम का असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में भी पड़ने का अनुमान है.
20 नवंबर को इन चार जिलों में भारी बारिश की आशंका
झारखंड में 19 नवंबर से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है. इस दिन दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. वहीं, 20 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने दक्षिणी झारखंड के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राज्य के दूसरे हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
21 नवंबर को मध्य और पश्चिमी झारखंड में भी असर
20 नवंबर के बाद भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है. 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के साथ मध्य और इससे सटे पश्चिमी इलाकों में भी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है. लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
22 नवंबर को भी हो सकती है हल्की बारिश
चक्रवाती सिस्टम का असर 22 नवंबर तक बने रहने का अनुमान है. इस दिन राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, मौसम विभाग ने 22 नवंबर के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. तापमान में भी अगले 24 घंटे के दौरान किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है. कुल मिलाकर, 19 से 22 नवंबर तक झारखंड के मौसम पर चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है. खासकर कोल्हान और दक्षिणी जिलों में रहने वाले लोगों को 20 और 21 नवंबर के दौरान भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंझारखंड के मतदाताओं के लिए आखिरी मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप
झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल, 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन; तीन महीने का वेतन बकाया
विशाखापत्तनम में पुल से गिरकर झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार को मिली 50 हजार की सहायता

झारखंड में आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर सियासत तेज, भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग लेकर राज्यपाल से मिले BJP नेता

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित मामले पर दीपक बिरुआ ने निष्पक्ष जांच की मांग की, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

देवघर: ऑटिज्म पीड़ित 13 वर्षीय सत्यम का आधार कार्ड बनवाने की पहल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने का DC ने दिया निर्देश


