बोकारो ट्रेजरी घोटाला: पुलिस अकाउंटेंट ने रिटायर्ड दारोगा के नाम पर 3.15 करोड़ की फर्जी निकासी की, कौशल पांडेय को भेजा गया जेल
बोकारो जिला कोषागार से पुलिस विभाग के वेतन मद में 3 करोड़ 15 लाख रुपये की फर्जी निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बोकारो पुलिस ने एसपी कार्यालय के अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडे को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार सुबह उन्हें जेल भेज दिया गया.

Bokaro: बोकारो जिला कोषागार से पुलिस विभाग के वेतन मद में 3 करोड़ 15 लाख रुपये की फर्जी निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बोकारो पुलिस ने एसपी कार्यालय के अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडे को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार सुबह उन्हें जेल भेज दिया गया. आरोपी ने रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह (2016 में रिटायर) के नाम पर 20 महीने में यह राशि निकाली और अपनी पत्नी अनु पांडे के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी. उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर एडिशनल एसपी हरविंदर सिंह ने खुद जांच की कमान संभाली. प्रारंभिक जांच में सिटी थाना में सघन पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
घोटाले का खुलासा कैसे हुआ?
प्रधान महालेखाकार (पीएजी) चंद्रमौली सिंह की गोपनीय रिपोर्ट में यह बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ. रिपोर्ट वित्त सचिव प्रशांत कुमार को भेजी गई. जांच में पता चला कि मई 2024 से दिसंबर 2025 तक उपेंद्र सिंह के वेतन मद में हर महीने औसतन 15 लाख रुपये से ज्यादा निकासी हुई, जबकि एक दारोगा का सामान्य वेतन इससे कई गुना कम होता है. वर्तमान में कार्यरत किसी अन्य उपेंद्र सिंह के वेतन से कोई निकासी नहीं हुई. पुलिस लाइन से मास्टर रोल तैयार होने, अकाउंटेंट ऑफिस पहुंचने और मुख्यालय डीएसपी की स्वीकृति के बाद ट्रेजरी में भेजे जाने की प्रक्रिया का दुरुपयोग किया गया. ट्रेजरी अधिकारी गुलाबचंद उरांव ने सभी निकासियों की बारीकी से जांच की.
बड़े स्तर पर साजिश की आशंका, जांच तेज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इतनी बड़ी रकम की फर्जी निकासी में केवल एक अकाउंटेंट की भूमिका संदिग्ध लग रही है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि इसमें अंदरूनी मिलीभगत और अन्य अधिकारियों की संलिप्तता हो सकती है. वित्त मंत्री ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित खातों को फ्रीज कर दिया गया है. बोकारो पुलिस नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. इस घोटाले ने सरकारी खजाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच में और नाम उछलने की पूरी संभावना है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment