मैट्रिक टॉपर सन्नी कुमार वर्मा को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मानित, एक लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान
झारखंड के रांची में मैट्रिक परीक्षा के टॉपर सन्नी कुमार वर्मा को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की. सन्नी ने 498 अंक (99.60%) हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है.


Ranchi: झारखंड में प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने की दिशा में बीजेपी ने एक और कदम बढ़ाया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जैक बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में राज्य टॉपर रहे सन्नी कुमार वर्मा को सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की. पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार यह राशि उन्हें आगे की पढ़ाई में सहयोग के उद्देश्य से दी गई. प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सन्नी की उपलब्धि को सराहा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. बीजेपी ने यह भी स्पष्ट किया कि शेष दो टॉपरों को भी जल्द ही समान राशि दी जाएगी. पार्टी नेतृत्व का कहना है कि मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी.
संघर्ष की कहानी ने जीता दिल
रांची के मधुकम निवासी सन्नी कुमार वर्मा ने सेंट अलोयसियस हाई स्कूल से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) हासिल कर झारखंड में पहला स्थान प्राप्त किया. उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश और समाज के लिए गर्व का विषय बताया गया. सन्नी के पिता ब्रजेश कुमार वर्मा कपड़े की दुकान में काम करने के साथ-साथ रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते हैं. सीमित संसाधनों और एक छोटे किराए के घर में रहने के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी. सन्नी की यह सफलता मेहनत और पारिवारिक समर्पण का उदाहरण बनकर सामने आई है.
शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता: आदित्य साहू
कार्यक्रम के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए सही समय पर प्रोत्साहन जरूरी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा और युवाओं के लिए बन रहे सकारात्मक माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि आज साधारण परिवारों के बच्चे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यदि मेधावी छात्रों को उचित सहयोग मिले, तो वे समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकते हैं.
शेष टॉपरों को भी जल्द मिलेगी प्रोत्साहन राशि
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप बाकी दो टॉपर छात्रों को भी जल्द ही एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे. सभी ने सन्नी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.








Leave a comment