लातेहार: बिलासी देवी के पति को पद से हटाने की मांग, बीजेपी ने चुनाव आयोग से की शिकायत
लातेहार नगर पंचायत चुनाव से पहले विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी ने प्रत्याशी बिलासी देवी के पति और सरकारी कर्मचारी निलेश टोप्पो पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से उन्हें पदमुक्त या तबादला करने की मांग की है.

लातेहार नगर पंचायत चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी देवी के पति निलेश टोप्पो को उनके वर्तमान पद से हटाने की मांग उठाई है. इस संबंध में बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में राज्य चुनाव आयोग पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.
बीजेपी नेताओं का आरोप है कि निलेश टोप्पो, जो समाहरणालय में सहायक सोशल सिक्योरिटी सेल में पदस्थापित एक सरकारी कर्मचारी हैं, अपनी पत्नी के चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. पार्टी का कहना है कि वे सरकारी पद और तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं, जो सर्विस कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है. साथ ही इसे हितों के टकराव (कॉनफ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) का मामला भी बताया गया है.
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि इस संबंध में 9 फरवरी को लातेहार के जिला निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता के पास भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. बीजेपी का तर्क है कि नियम के मुताबिक यदि किसी सरकारी कर्मचारी के पति या पत्नी चुनाव लड़ रहे हों, तो संबंधित कर्मचारी को इसकी सूचना विभाग और निर्वाची पदाधिकारी को देनी होती है और चुनाव परिणाम तक उसे उस पद से मुक्त रखा जाना चाहिए.
बीजेपी ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद निलेश टोप्पो को पद से नहीं हटाया जाना चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है. पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया जाए या उनका तबादला किया जाए.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment