अनंत सिंह से मुलाकात करने पहुंचीं अक्षरा सिंह, बोलीं- वही अपनापन, वही घर जैसा एहसास
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने अनंत सिंह से मुलाकात की. तस्वीरें शेयर कर उन्होंने लिखा- वही अपनापन, वही घर जैसा एहसास. उनकी इस मुलाकात की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.

Akshara Singh News: - भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका कोई नया गाना या फिल्म नहीं, बल्कि बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह से उनकी मुलाकात है. अक्षरा सिंह ने अनंत सिंह से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसके बाद यह मुलाकात सुर्खियों में आ गई है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी की मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 को अक्षरा सिंह अपने पिता विपिन सिंह के साथ पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं. यहां उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया. इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है.
अनंत सिंह से मुलाकात की तस्वीरें वायरल
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अक्षरा सिंह ने मोकामा के चर्चित नेता अनंत सिंह से भी मुलाकात की. इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. अक्षरा सिंह ने तस्वीरों के साथ लिखा, "अनंत सिंह जी से भी आत्मीय मुलाकात हुई, वही अपनापन, वही घर जैसा एहसास." उनकी इस पोस्ट से अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच मुलाकात काफी आत्मीय रही. हालांकि, अक्षरा सिंह ने इस मुलाकात के पीछे की कोई खास वजह सार्वजनिक नहीं की है.
क्या राजनीति में कदम रखेंगी अक्षरा सिंह?
अक्षरा सिंह की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अनंत सिंह से मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. गौरतलब है कि अक्षरा सिंह इससे पहले प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान से भी जुड़ चुकी हैं. ऐसे में उनकी इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है. हालांकि, अभी तक अक्षरा सिंह की ओर से किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने या राजनीति में नई पारी शुरू करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. फिलहाल अक्षरा सिंह की अनंत सिंह से हुई मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस मुलाकात को लेकर कोई नई जानकारी सामने आती है या नहीं.

