Ranchi News: राहुल गांधी नवंबर के तीसरे सप्ताह में कर सकते हैं झारखंड दौरा, खूंटी और रांची में होंगे कार्यक्रम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नवंबर में झारखंड का दौरा कर सकते हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे खूंटी में पेसा कानून को लेकर ग्राम सभा के प्रधानों से बातचीत करेंगे और रांची में कांग्रेस की बैठक में शामिल हो सकते हैं. दौरे की अंतिम तारीख दिल्ली की रैली के बाद तय होने की संभावना है.

Ranchi News:- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नवंबर के तीसरे सप्ताह में झारखंड का दौरा कर सकते हैं. उनके दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस में तैयारियां शुरू करने की चर्चा है. हालांकि, दौरे की अंतिम तारीख एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली के बाद तय की जाएगी. पहले राहुल गांधी का झारखंड दौरा नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित था, लेकिन छठ महापर्व को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है. अब माना जा रहा है कि उनका दौरा 15 नवंबर के बाद आयोजित किया जा सकता है.
दिल्ली की रैली के बाद तय होगा दौरे का कार्यक्रम
दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली में झारखंड के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचने को कहा गया है. फिलहाल प्रदेश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता रैली की तैयारियों में जुटे हैं. रैली के बाद कांग्रेस के प्रदेश नेताओं की दिल्ली में बैठक हो सकती है. इस बैठक में राहुल गांधी के झारखंड दौरे की संभावित तारीख और कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी. झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू भी विदेश से लौटने के बाद इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं.
खूंटी में पेसा कानून पर ग्राम सभा के प्रधानों से करेंगे बातचीत
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी खूंटी में ग्राम सभा के प्रधानों के साथ पेसा कानून को लेकर वन-टू-वन बातचीत कर सकते हैं. इस दौरान वे स्थानीय स्तर पर पेसा कानून के क्रियान्वयन और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. वहीं,रांची में राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की बैठक में शामिल हो सकते हैं. इस एक दिवसीय दौरे में दोनों जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है.
विधानसभा के विशेष सत्र से पहले दौरे की संभावना
छठ महापर्व के बाद और झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र से पहले राहुल गांधी का दौरा आयोजित करने की संभावना जताई जा रही है. इसके लिए नवंबर के तीसरे सप्ताह को संभावित समय माना जा रहा है.हालांकि,अभी तक दौरे की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है. एक नवंबर की दिल्ली रैली के बाद ही इस पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है.

