रांची में ABVP की छात्र गर्जना, ‘अराजकता रोको-लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस की रैली का किया विरोध
रांची में ABVP ने छात्र गर्जना कार्यक्रम आयोजित कर ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ’ का नारा दिया. संगठन ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली और राजनीतिक दलों के धरना-प्रदर्शनों का विरोध जताया.

Ranchi:- झारखंड की राजधानी रांची में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को ‘छात्र गर्जना’ कार्यक्रम आयोजित किया. ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के अलग-अलग जिलों से विद्यार्थी और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के जरिए ABVP ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली और कुछ राजनीतिक दलों के धरना-प्रदर्शनों पर विरोध जताया. संगठन ने आरोप लगाया कि ऐसी राजनीतिक गतिविधियों से देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश हो रही है.
संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया
कार्यक्रम में शामिल ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में कुछ राजनीतिक ताकतें ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं, जिससे संवैधानिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर हो. संगठन ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की एकता के लिए चिंताजनक बताया. इसी मुद्दे को लेकर परिषद ने युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने और अपनी आवाज बुलंद करने की बात कही.
दिशा दत्ता बोलीं- देशहित के मुद्दों पर भी विद्यार्थी परिषद की जिम्मेदारी
ABVP की केंद्रीय कार्य समिति सदस्य दिशा दित्ता ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देश को जोड़ने और देशहित में काम करने वाला संगठन है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से कुछ लोग देश में अराजक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे प्रयासों का संगठन की ओर से जवाब दिया जाएगा. दिशा दित्ता ने कहा कि छात्र गर्जना कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति जागरूक करना है. विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाती है.
अलग-अलग जिलों से पहुंचे विद्यार्थी और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी और ABVP कार्यकर्ता शामिल हुए. संगठन ने इस आयोजन को युवाओं को देशहित के मुद्दों पर एकजुट करने की पहल बताया. परिषद का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और देश की एकता का सम्मान भी जरूरी है.रांची में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए ABVP ने राजनीतिक गतिविधियों पर अपना विरोध दर्ज कराया और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को लेकर युवाओं के बीच अपनी बात रखी.


