रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों का प्रदर्शन, मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी
हजारीबाग में पत्रकार के साथ मारपीट की घटना के विरोध में रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग उठाई गई.

रांची: हजारीबाग में पत्रकारों के साथ हुई हिंसा के विरोध में रांची प्रेस क्लब में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एकजुट होकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने “इरफान अंसारी माफी मांगो” और “मंत्री हो, गुंडे लेकर चलना बंद करो” जैसे नारे लगाए.
दरअसल, हाल ही में हजारीबाग में एक घटना के दौरान मंत्री इरफान अंसारी के सामने ही पत्रकार की पिटाई कर दी गई थी. इस घटना ने पूरे पत्रकारिता जगत में आक्रोश पैदा कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मंगलवार को हजारीबाग में तीन भाई-बहनों के शव मिलने के बाद उनके परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे थे. परिजनों से मुलाकात के बाद जब मंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तब एक पत्रकार ने चतरा में हुए एयर एंबुलेंस हादसे और पीड़ित परिवारों को मुआवजा नहीं मिलने को लेकर सवाल पूछा.
बताया जा रहा है कि तीखे सवाल से नाराज मंत्री के समर्थक उग्र हो गए और मौके पर मौजूद पत्रकार सुशांत सोनी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान वहां मंत्री और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया. समर्थकों ने पत्रकार को बेरहमी से पीटा, जिसके बाद अन्य मीडियाकर्मियों ने किसी तरह उन्हें बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया.
इस घटना के विरोध में रांची प्रेस क्लब में हुए प्रदर्शन में पत्रकारों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही, मंत्री से सार्वजनिक माफी की भी मांग की गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment