दावोस से लंदन तक निवेश संवाद, हेमंत सोरेन लाए 11 हजार करोड़ निवेश की संभावना
दावोस और इंग्लैंड दौरे से लौटे सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड के लिए करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जमीन तैयार की है.

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दावोस और इंग्लैंड के 10 दिवसीय विदेश दौरे के बाद मंगलवार को रांची लौट आए हैं. इस दौरे को राज्य सरकार निवेश और औद्योगिक विस्तार की दिशा में अहम उपलब्धि मान रही है. सरकार के अनुसार, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और यूनाइटेड किंगडम में हुई बैठकों के दौरान झारखंड में करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की संभावनाएं बनी हैं. मुख्यमंत्री ने इस दौरे के दौरान झारखंड को केवल खनन आधारित राज्य के बजाय औद्योगिक, आईटी और हरित तकनीक से जुड़े निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया. राज्य सरकार का मानना है कि इन निवेश प्रस्तावों के जरिए रोजगार सृजन, तकनीकी विकास और आर्थिक विविधीकरण को नई गति मिल सकती है.
दावोस में वैश्विक मंच पर झारखंड की ब्रांडिंग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 18 से 23 जनवरी तक स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की 56वीं वार्षिक बैठक में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों, निवेशकों और नीति विशेषज्ञों के साथ बैठकें कीं. मुख्यमंत्री ने झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक संभावनाओं और नीतिगत सुधारों को सामने रखा. सरकार के अनुसार, इन बैठकों के जरिए राज्य में मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और वैल्यू एडेड इंडस्ट्री से जुड़े निवेश प्रस्तावों पर सकारात्मक बातचीत हुई, जिससे करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना बनी है.
इंग्लैंड दौरा: निवेश, शिक्षा और शोध पर फोकस
दौरे के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री 23 से 26 जनवरी तक इंग्लैंड में रहे, जहां उन्होंने लंदन और ऑक्सफोर्ड में कई अहम बैठकों में हिस्सा लिया. उन्होंने इंपीरियल कॉलेज लंदन के शोध केंद्रों का दौरा कर क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत तकनीक और वैल्यू एडेड इंडस्ट्री पर चर्चा की. ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट जॉन्स कॉलेज में मुख्यमंत्री ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा से जुड़े ऐतिहासिक अभिलेखों का अवलोकन किया. सरकार का कहना है कि इन संवादों से निवेश के साथ-साथ शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग के नए रास्ते खुले हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

इमोशनल मोमेंट या पॉलिटिकल मूव, चिराग-पारस मुलाकात से NDA और विपक्ष दोनों की बढ़ी टेंशन

बोकारो वेदांता केस में विधायक जयराम महतो की कोर्ट में पेशी, बोले- न आंदोलन में था, न स्थल पर मौजूद






Leave a comment