साहिबगंज में अवैध गांजा कारोबार का खुलासा, महिला गिरफ्तार; 3 किलो 441 ग्राम गांजा बरामद
साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. पुलिस अधीक्षक कार्यालय साहिबगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के कबूतरखोपी इलाके में रहने वाली एक महिला अपने घर से अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में रविवार 25 मई 2026 को महिला के घर पर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां प्लास्टिक के डब्बों और छोटी-छोटी पुड़ियों में गांजा छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने कुल 3 किलो 441 ग्राम गांजा बरामद किया. अधिकारियों के मुताबिक एक प्लास्टिक डब्बे से 1755 ग्राम गांजा मिला, जबकि दूसरे डब्बे और 17 पुड़ियों से 1686 ग्राम गांजा बरामद हुआ. बरामद गांजे को पुलिस ने जब्त कर लिया है. मामले में पुलिस ने पूनम देवी (25 वर्ष), पति भोला मंडल, निवासी कबूतरखोपी, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी महिला के खिलाफ जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 90/26 दिनांक 25 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)/(ii)/(c) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी.
एसडीपीओ ने कहा कि साहिबगंज जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. इस छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी बासुकीनाथ दुबे, जिरवाबाड़ी थाना के पु०अ०नि० शशि सिंह, पु०अ०नि० पंकज वर्मा, स०अ०नि० संजय कुमार, स०अ०नि० शैलेन्द्र दुबे, महिला चौकीदार सुमिरता हेंब्रम, महिला चौकीदार सोनोति मरांडी, हवलदार जदु सिंह तथा थाना रिजर्व गार्ड के आरक्षक मुकेश कुमार शामिल रहे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment