राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड की कमान संभालेंगे दशरथ महथा, बने टीम के कोच
देवघर के दशरथ महथा को राष्ट्रीय ट्रेडिशनल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम का कोच नियुक्त किया गया है. आगरा में 18 और 19 नवंबर को होने वाली प्रतियोगिता में वह राज्य के पहलवानों को मार्गदर्शन देंगे. उनके चयन से देवघर सहित पूरे झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है.

Deoghar: राष्ट्रीय ट्रेडिशनल कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी देवघर के दशरथ महथा को सौंपी गई है. आगरा में 18 और 19 नवंबर को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए उनका चयन झारखंड टीम के कोच के रूप में किया गया है. उनके चयन से देवघर समेत पूरे झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है. इसकी जानकारी देवघर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अभिजीत कुमार सिंह ने दी. उन्होंने कहा कि दशरथ महथा का चयन राज्य के लिए गौरव की बात है. उन्हें कुश्ती का अच्छा अनुभव है और उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
मेहनत और अनुभव के दम पर मिली जिम्मेदारी, खेल जगत ने दी बधाई
देवघर जिला कुश्ती संघ की सचिव पायल कुमारी ने दशरथ महथा के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके कुशल मार्गदर्शन में झारखंड की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेगी. दशरथ महथा के चयन पर संजीव कुमार झा, विजय प्रताप सनातन, सुनीता कुमारी, डॉ. पूजा राय, नितिका सिंह, आशीष पांडेय, रौनक सिन्हा, रोहित केसरी, दीपनारायण, कुमार अंशु, शाहिल दत्त द्वाली और सत्यम कुमार भैया समेत कई खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई दी. सभी ने झारखंड टीम की सफलता की कामना की.

