झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य समारोह अब 28 नवंबर को, 17 से 27 नवंबर तक जिलों में मनेगा पखवारा
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह अब 15 नवंबर की जगह 28 नवंबर को रांची में आयोजित होगा. 17 से 27 नवंबर तक सभी जिलों में स्थापना दिवस पखवारा मनेगा, जबकि 16 नवंबर को 'रन फॉर क्लीननेस' कार्यक्रम होगा.

Ranchi:- झारखंड के 25वें स्थापना दिवस समारोह की तारीख में बदलाव किया गया है. अब 15 नवंबर की जगह 28 नवंबर को राजधानी रांची में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा. इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है. सरकार के गठन के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 28 नवंबर को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. दरअसल, 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और छठ महापर्व एक ही दिन पड़ रहे हैं. इसी को देखते हुए सरकार ने मुख्य समारोह को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है.
17 से 27 नवंबर तक जिलों में मनेगा स्थापना दिवस पखवारा
मुख्य समारोह की तारीख बदलने के बावजूद स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा. राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में 17 से 27 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवारा मनाया जाएगा. इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों की रूपरेखा संबंधित जिलों के वरीय अधिकारी तय करेंगे.
16 नवंबर को होगा 'रन फॉर क्लीननेस'
वहीं, 16 नवंबर को सुबह 8 बजे सभी जिला मुख्यालयों में 'रन फॉर क्लीननेस' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके लिए आयोजन स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निर्णय संबंधित जिलों के उपायुक्त करेंगे.
15 नवंबर को नहीं होगा बड़ा सरकारी समारोह
इस बार 15 नवंबर को सरकार की ओर से बड़े स्तर पर मुख्य समारोह और शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे. स्थापना दिवस पखवारा के समापन के बाद 28 नवंबर को रांची में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह होगा.

