छठ घाटों पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, एसपी प्रवीन पुष्कर ने संभाली सुरक्षा की कमान
देवघर में छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. एसपी प्रवीन पुष्कर ने बैठक कर छठ घाटों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. सभी थाना प्रभारियों को समय पर तैयारी पूरी करने को कहा गया है.

Deoghar :- लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए देवघर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जा रही है. इस संबंध में शुक्रवार को एसपी कार्यालय के सभागार में एसपी प्रवीन पुष्कर की अध्यक्षता में पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में जिले के विभिन्न छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों की पहचान और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
एसपी ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने को कहा. घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही यातायात व्यवस्था ऐसी रखने को कहा गया, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो.
आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहेंगे जवान
एसपी प्रवीन पुष्कर ने सभी थाना प्रभारियों को संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा. उन्होंने पुलिस बल की आवश्यकता के अनुसार तैनाती, लगातार निगरानी और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया. किसी भी अप्रिय घटना या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. एसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें. बैठक में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, मधुपुर एवं सारठ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिले के सभी पुलिस अंचल निरीक्षक और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी उपस्थित थे.

