विकास, संस्कृति और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनेगा झारखंड स्थापना दिवस
झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 एवं राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 15 से 28 नवंबर तक राज्यभर में स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला-सह-प्रदर्शनी एवं विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 एवं राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 15 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को प्रातः 07:00 बजे से 08:00 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘Run For Cleanliness’ के आयोजन के साथ होगी. इस दौरान जिले के किसी प्रमुख स्थल अथवा चौक-चौराहे से स्वच्छता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. दौड़ का समापन जिले के प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं सुंदर झारखंड के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है.
स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत 17 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं, नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित अन्य रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इन आयोजनों के माध्यम से आम नागरिकों, युवाओं एवं प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों द्वारा 20 एवं 27 नवंबर को खेलगांव, रांची में राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति दी जाएगी. इसके अतिरिक्त, 20 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक खेलगांव, रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल, प्रत्येक जिले के विशेष उत्पादों, पर्यटन स्थलों एवं आर्थिक गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी तथा नवाचार पर आधारित अन्य स्टॉल लगाए जाएंगे.
मेला-सह-प्रदर्शनी में विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी आम लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, जिला स्तरीय स्टॉल के माध्यम से संबंधित जिलों के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा. 20 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक खेलगांव, रांची में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा. सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया जाएगा तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण होगा. साथ ही पंचायत, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा. विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा.

