छठ पर निर्बाध बिजली के लिए प्रशासन अलर्ट, 21 घाटों पर तैनात होंगे बिजलीकर्मी; स्थापना दिवस पर सजेगा सांस्कृतिक मंच
छठ महापर्व पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए देवघर में चार नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं. 21 घाटों पर बिजलीकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, झारखंड स्थापना दिवस पर 21 नवंबर को 16 से 30 वर्ष के कलाकारों के लिए सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित होगी.

Deoghar: छठ महापर्व और झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. छठ के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग ने चार नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं. वहीं, 21 छठ घाटों पर बिजलीकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी. दूसरी ओर, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय लोक एवं जनजातीय कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसमें 16 से 30 वर्ष तक के युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
छठ घाटों पर बिजली व्यवस्था की विशेष निगरानी
छठ महापर्व के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, देवघर की ओर से 15 से 16 नवंबर तक देवघर और जसीडीह अवर प्रमंडल में चार विद्युत नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं. बिजली संबंधी शिकायतों और आपात स्थिति के त्वरित समाधान के लिए मुख्य नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 7479940525 और 7463972204 जारी किए गए हैं. सभी नियंत्रण कक्षों में कर्मचारियों की तैनाती तीन पालियों में होगी. पहली पाली सुबह छह से दोपहर दो बजे, दूसरी दोपहर दो से रात दस बजे और तीसरी रात दस से सुबह छह बजे तक संचालित होगी. पर्व को देखते हुए अभियंताओं और कर्मचारियों की छुट्टियां भी बिना अनुमति रद्द कर दी गई हैं.
21 छठ घाटों पर तैनात रहेंगे बिजलीकर्मी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए 21 घाटों पर विशेष रूप से विद्युतकर्मियों की तैनाती की जाएगी. ये कर्मचारी 15 नवंबर की दोपहर तीन बजे से 16 नवंबर को पूजा समाप्ति तक ड्यूटी पर रहेंगे. विद्युत विभाग ने चारों नियंत्रण कक्षों के संचालन के लिए अलग-अलग प्रभारी भी नियुक्त किए हैं. राजाबाग और कास्टर टाउन नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी राजेंद्र प्रसाद चौधरी को दी गई है. उनका मोबाइल नंबर 9430721220 है. बैजनाथपुर के प्रभारी लव कुमार (9431135865) और जसीडीह के प्रभारी डेविड हांसदा होंगे. विभाग ने आम लोगों से बिजली संबंधी समस्या होने पर तत्काल संबंधित प्रभारी या मुख्य नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है.
21 नवंबर को सूचना भवन में होगी सांस्कृतिक प्रतियोगिता
झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर राज्य की लोक एवं जनजातीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसके तहत देवघर जिले की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 21 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से सूचना भवन, देवघर में होगी. इसमें 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के कलाकार हिस्सा ले सकेंगे. प्रतियोगिता में गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत-नृत्य, भजन, सूफी गायन और क्षेत्रीय भाषाओं के गीत-संगीत की प्रस्तुतियां शामिल होंगी. इच्छुक कलाकारों को 20 नवंबर की शाम पांच बजे तक जिला खेल कार्यालय, केकेएन स्टेडियम, देवघर में पंजीकरण कराना होगा. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी 26 से 28 नवंबर तक होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देवघर का प्रतिनिधित्व करेंगे.

