देवघर में धान की फसल चरने को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट; 10 घायल, दो की हालत गंभीर
देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में धान की फसल को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. भैंस के खेत में घुसने से भड़के विवाद में सोमवार सुबह दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. लाठी-डंडे और पत्थरों से हुए हमले में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है.

देवघर:- झारखंड के देवघर में जमीन और फसल को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया. कुंडा थाना क्षेत्र में भैंस के खेत में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की बात से शुरू हुआ विवाद अगले ही दिन खूनी संघर्ष में बदल गया. सोमवार सुबह दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे तथा पत्थरों से हमला शुरू हो गया. इस घटना में महिला और पुरुष समेत कुल 10 लोग घायल हो गए हैं. इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलने पर कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
भैंस के खेत में घुसने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है. रविवार को एक पक्ष की भैंस दूसरे पक्ष के खेत में घुस गई थी. इससे खेत में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. रविवार को शुरू हुआ विवाद सोमवार सुबह फिर भड़क उठा.
लाठी-डंडे और पत्थरों से हुआ हमला, 10 लोग घायल
सोमवार सुबह दोनों पक्षों के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए. पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया. हमले में कुल 10 लोग घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दोनों पक्षों के महिला और पुरुष सदर अस्पताल में भर्ती
घायलों में एक पक्ष के बालकृष्ण पंडित, धनपति देवी, सुधीर पंडित, पिंटू कुमार पंडित और मनी पंडित शामिल हैं. वहीं दूसरे पक्ष की राखी पंडित, बिंदेश्वरी पंडित, दीपक पंडित समेत अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पहले भी थाने तक पहुंच चुका था जमीन विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है. मामला पहले कुंडा थाने तक पहुंचा था. उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों से बंधपत्र भरवाया था, ताकि भविष्य में विवाद दोबारा न हो. हालांकि, इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ और आखिरकार मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया.
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत की. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट शुरू करने और विवाद बढ़ाने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायतों और घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हिंसक झड़प की शुरुआत किस ओर से हुई थी.

