हजारीबाग के पद्मा में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर-ट्रक टक्कर के बाद लगी भीषण आग
झारखंड के हजारीबाग जिले के पद्मा में ट्रेलर और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई. हादसे में दोनों वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर लंबा जाम लग गया. पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया, जांच जारी है.


हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के पद्मा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी. इटखोरी मोड़ के पास फोरलेन सड़क पर एक ट्रेलर और मालवाहक ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया, जबकि ट्रक का आधा भाग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और अचानक क्रॉसिंग को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है.
टक्कर के बाद धू-धूकर जले दोनों वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटखोरी मोड़ के पास अचानक सामने आए ट्रक से बचने की कोशिश में हजारीबाग की ओर से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया. तेज ब्रेक लगने के बाद उसके टायर और इंजन हिस्से से चिंगारी निकली, जिसने कुछ ही सेकंड में आग का रूप ले लिया. देखते ही देखते ट्रेलर का केबिन और इंजन जलने लगा. आग की लपटें पास चल रहे ट्रक तक पहुंचीं, जिससे उसका आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रक में लदे कोल्ड ड्रिंक के कई कार्टन भी जलकर नष्ट हो गए.
दमकल की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही पद्मा पुलिस, आसपास के थाना बल और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे. सड़क पर भारी जाम के बीच दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. इससे वाहनों में लदा बाकी सामान और आसपास गुजर रहे अन्य वाहनों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से जले वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ.
ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रेलर ओवरलोड था, जिससे अचानक ब्रेक लगने पर नियंत्रण बिगड़ गया. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोरलेन पर क्रॉसिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

वोट कटे तो सत्ता हिलेगी! 27 लाख का झटका, हेमंत की कुर्सी पर खतरा?
बंगाल में तनाव: कुमारगंज में BJP प्रत्याशी शुभेंदु सरकार पर हमला, वीडियो वायरल






Leave a comment