असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान खत्म, अब 4 मई को आएंगे नतीजे
असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार शाम 6 बजे मतदान संपन्न हो गया. अब केवल वही मतदाता वोट डाल पाए, जो निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके थे. चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया

देश के दो राज्यों असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार शाम 6 बजे मतदान संपन्न हो गया. अब केवल वही मतदाता वोट डाल पाए, जो निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके थे. चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया गया. तीनों क्षेत्रों में कुल मिलाकर वोटिंग शांतिपूर्ण रही, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की घटनाएं भी सामने आईं.
पुडुचेरी में झड़प, पुलिस का लाठीचार्ज
पुडुचेरी के मन्नादिपेट इलाके में एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. वहीं, मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी वोट डालने के लिए बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचे, जो चर्चा का विषय रहा. केरल में पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया. उन्होंने कहा कि राज्य के लोग भाजपा को पसंद नहीं करते और इस बार सरकार बदलने की उम्मीद जताई. वहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कन्नूर में वोट डाला. अभिनेता मोहनलाल और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी तिरुवनंतपुरम में मतदान किया. केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने त्रिशूर में वोट डाला.
असम में मंदिर दर्शन के बाद मतदान
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में मतदान किया. बरपेटा में सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ. असम की 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं. केरल में करीब 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं. वहीं पुडुचेरी में 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. तीनों क्षेत्रों में मिलाकर 10 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल किया.
सियासी दांव पर बड़ी बाजी
केरल में 70 साल के इतिहास में पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी (हैट्रिक) के लिए चुनाव लड़ रहा है. असम में भाजपा, हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है. वहीं पुडुचेरी में एन. रंगास्वामी पांचवीं बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहे हैं. वोटों की गिनती 4 मई को होगी, जिसके बाद चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment