उत्तराखंड में बड़ा हादसा! बदरीनाथ से फाटा जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 की मौत
उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हुआ है. बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर चायी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. चमोली पुलिस ने पायलट कैप्टन हिमांशु समेत सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है. खराब मौसम के बीच राहत और बचाव अभियान चलाया गया.

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई. यह हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा था, तभी जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है. चमोली पुलिस ने हादसे में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है. UCADA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे. यात्रियों के नाम प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज बताए गए हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हो गईं.
खराब मौसम और बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, रेस्क्यू अभियान में जुटीं टीमें
हेलिकॉप्टर की लोकेशन अचानक गायब होने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी. तलाशी अभियान में दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए, लेकिन लगातार बारिश और घने बादलों के कारण दृश्यता कम होने से खोज अभियान में परेशानी आई. प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच के इलाके में तलाश कर रही थीं. हादसे की आशंका वाले क्षेत्र में मलबे और दुर्घटना के अन्य सुराग तलाशे गए. इस अभियान में सेना, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात की गईं. जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया था कि हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है और इसकी पुष्टि कराई जा रही है. इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई देने के बाद बचाव दलों को मौके पर भेजा गया.
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, प्रशासन को दिए जरूरी निर्देश
हेलिकॉप्टर हादसे की जानकारी मिलने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया. उन्होंने कहा कि जोशीमठ के पास चायी गांव में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए. हालांकि, चमोली पुलिस ने बाद में हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि कर दी. इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.

