अररिया में दर्दनाक हादसा: तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो नहर में गिरी, 6 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
बिहार के अररिया में बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ. तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है.

Araria :- बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस वक्त हुआ, जब तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बीड़ी पुल के पास गहरे पानी से भरी नहर में गिर गई. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, हादसा बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप हुआ. स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी. नहर में पानी अधिक होने के कारण वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए.
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी सात लोग
हादसे का शिकार हुए सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड स्थित थुमहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वे अररिया के सिकटी प्रखंड अंतर्गत ढेडुआ पंचायत के भपटिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे. समारोह खत्म होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया और कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया.
स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही ताराबाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. नहर में स्कॉर्पियो गिरने की खबर सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए जुट गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, अररिया ले जाया गया.
अस्पताल में छह लोगों को मृत घोषित किया गया
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. अपनों को खोने के गम में परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
छह परिवारों में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस हादसे के बाद सुपौल के थुमहा और अररिया के भपटिया गांव में शोक का माहौल है. जिस तिलक समारोह में कुछ घंटे पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
एसपी ने कहा- इलाके में विधि-व्यवस्था सामान्य
अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों की मौत हो गई. एक घायल का इलाज चल रहा है. एसपी के अनुसार, घटना के बाद इलाके में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.
संबंधित ख़बरें
और CRIME ख़बरें3 बाइक, 8 बदमाश और 40 करोड़ की लूट! बेतिया में पुलिस महकमे में हड़कंप
कभी करता था बढ़ई का काम, फिर बना सुरक्षाबलों की चुनौती; कौन था आतंकी लतीफ भट?
18 नवंबर का मौसम: चक्रवात 'अकवान' से 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?

रामसेवक सिंह बने झारखंड जदयू के प्रदेश प्रभारी, धर्मेंद्र तिवारी पश्चिम बंगाल के प्रभारी नियुक्त, आज जारी हुआ पत्र

रांची के चान्हो में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग भी निरुद्ध

58 साल के हुए बिहार के CM सम्राट चौधरी, जन्मदिन पर छठी मैया और महादेव की पूजा, PM मोदी ने दी बधाई


