RIMS से कैदी फरार, बाथरूम जाने की बात कहकर सुरक्षाकर्मियों को दिया चकमा
“रांची के रिम्स मेडिसिन ICU में इलाज के लिए भर्ती पाकुड़ का कैदी हाथिया हेंब्रम बाथरूम जाने के बहाने सुरक्षा जवानों को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस और रिम्स प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं.”

Ranchi: RIMS के मेडिसिन ICU से इलाज के लिए भर्ती एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है. पाकुड़ निवासी हाथिया हेंब्रम (45) को ब्रेन से जुड़ी समस्या के इलाज के लिए 20 सितंबर को रिम्स में भर्ती कराया गया था. उसका इलाज मेडिसिन ICU में चल रहा था और सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती की गई थी. मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हाथिया ने पेशाब करने के लिए बाथरूम जाने की बात कही. सुरक्षा में तैनात जवानों की मौजूदगी में वह बाथरूम गया, लेकिन इसी दौरान मौका पाकर अस्पताल से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब सुरक्षा कर्मियों को उसके नहीं मिलने की जानकारी हुई तो रिम्स में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना तत्काल रिम्स के अधिकारियों को दी गई. जानकारी मिलने के बाद रिम्स अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ मेडिसिन ICU पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
पुलिस और रिम्स प्रशासन जुटा तलाश में
कैदी के फरार होने की सूचना रिम्स प्रबंधन की ओर से पुलिस प्रशासन को भी दे दी गई है. घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. रिम्स प्रबंधन ने सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों से पूछताछ की है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कैदी सुरक्षा घेरे से कैसे बाहर निकल गया. पुलिस और अस्पताल प्रशासन मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है. वहीं, फरार कैदी हाथिया हेंब्रम की तलाश के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है. अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में भी उसके संभावित ठिकानों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कैदी अस्पताल से फरार होने के बाद किस दिशा में गया और इस दौरान उसे किसी व्यक्ति की मदद मिली या नहीं. घटना के बाद रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी को लेकर भी प्रशासन स्तर पर समीक्षा की जा रही है.


