छठ पूजा को लेकर अलर्ट मोड में NDRF, धुर्वा डैम में सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
छठ पूजा को लेकर रांची में NDRF अलर्ट मोड पर है. मंगलवार सुबह जवानों ने धुर्वा डैम पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और फ्लैग मार्च निकालकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भरोसा दिलाया.

Ranchi: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मंगलवार सुबह NDRF की विशेष टीम रांची के प्रसिद्ध धुर्वा डैम पहुंची और वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब और डैम के घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. इस दौरान भीड़ और जलाशयों में डूबने जैसी संभावित घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं.
इसी क्रम में NDRF के जवानों ने धुर्वा डैम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और रूट मार्च निकाला. टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया. NDRF की इस सक्रियता का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है.

