झारखंड में मौसम लेगा करवट, देवघर समेत 15 जिलों में बारिश के आसार
झारखंड में 10 और 11 नवंबर को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को देवघर समेत 15 जिलों और 11 नवंबर को नौ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है. सुबह के समय कोहरा और कुहासा छाए रहने के भी आसार हैं.

Ranchi: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग ने 10 और 11 नवंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और मेघ गर्जन के आसार जताए हैं. इसके साथ ही सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा और कुहासा छाया रह सकता है. मौसम में होने वाले इस बदलाव के कारण लोगों को सुबह और शाम के वक्त सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 नवंबर को राज्य के 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश की संभावना है. वहीं, 11 नवंबर को बारिश का दायरा घटकर नौ जिलों तक सीमित रह सकता है. इस दिन देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं. ऐसे में इन जिलों के लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

