दीपोत्सव में दीयों की रोशनी से जगमगाया सारवां, भारत माता के जयकारों से गूंजा स्टेडियम
दीपावली के अवसर पर सारवां प्रखंड मुख्यालय परिसर और स्टेडियम में एकलव्य फिजिकल अकादमी की ओर से भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख की मौजूदगी में युवाओं ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए.

Deoghar: दीपावली के पावन अवसर पर सारवां प्रखंड मुख्यालय परिसर और प्रखंड स्तरीय स्टेडियम में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एकलव्य फिजिकल अकादमी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख मुख्य रूप से उपस्थित रहे. सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए जाने से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा. वहीं, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से स्टेडियम का माहौल देशभक्तिमय हो गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. अनुशासन और एकजुटता के साथ युवाओं ने दीपावली की खुशियां साझा कीं और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने दीपावली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है. उन्होंने भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है. उन्होंने समाज से नकारात्मकता और बुराइयों को दूर कर प्रेम, सद्भाव और एकता का दीप जलाने की अपील की. मौके पर भंडारो पंचायत के मुखिया विमल यादव, शंभु यादव, एकलव्य फिजिकल शोध संस्थान के साथी, पुलिसकर्मी, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

