दीपावली पर रक्तदान की रोशनी से रोशन हुई जिंदगी, 60-70 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य
दीपावली के अवसर पर देवघर में व्यारो फाउंडेशन ने भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया. चार वर्षों से जारी इस मुहिम में 60-70 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया, जबकि खबर लिखे जाने तक 25 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था.

Deoghar: दीपावली के अवसर पर जहां लोग दीप जलाकर खुशियां मनाते हैं, वहीं व्यारो फाउंडेशन ने रक्तदान के जरिए जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों की रोशनी बिखेरने की अनूठी पहल की. भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के ब्लड डोनेशन इन व्हील कार्यक्रम के तहत व्यारो फाउंडेशन के सौजन्य से व्यारो गार्डेन परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में फाउंडेशन के सदस्यों और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. आयोजन में 60 से 70 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था, जबकि खबर लिखे जाने तक 25 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था. शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना था.
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन जितेश राजपाल ने कहा कि व्यारो फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर सामाजिक दायित्व निभा रहा है. देवघर में एम्स की शुरुआत के बाद ब्लड बैंक में रक्त की मांग बढ़ी है. ऐसे में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन गया है. उन्होंने कहा कि रक्त ऐसी अनमोल चीज है, जिसका कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्तदान कर जीवनदान दे सकता है. रेडक्रॉस सोसाइटी जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने आम लोगों से भी स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जुड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की.
व्यारो फाउंडेशन के आदित्य सर्राफ ने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से लगातार दीपावली के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है. इस मुहिम की शुरुआत दोस्तों और परिवार के सदस्यों से मिली प्रेरणा के बाद हुई थी, जिसमें धीरे-धीरे अन्य लोग भी जुड़ते चले गए. अब फाउंडेशन के सदस्य और कर्मी बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हैं. उन्होंने कहा कि दीपावली पर किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने से बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती. शिविर में रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, सनातन फाउंडेशन के विजय प्रताप सनातन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन के माध्यम से संदेश दिया गया कि त्योहारों की खुशियां समाज के जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचनी चाहिए.

