शोक की घड़ी में हरिकिशोर पांडेय के घर पहुंचे गंगा नारायण सिंह, खिलाड़ियों के बीच भी बनाई जगह
मधुपुर के भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने मंझियाना पहुंचकर वरिष्ठ नेता हरिकिशोर पांडेय की दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने माचो में ग्रामीण युवाओं और खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया तथा खेल के प्रति समर्पित रहने की अपील की.

Deoghar: मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मंझियाना पहुंचे. यहां उन्होंने भाजपा नेता हरिकिशोर पांडेय के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान गंगा नारायण सिंह ने कहा कि हरिकिशोर पांडेय उनके लिए गुरुजी के समान आदरणीय हैं. कुछ दिन पहले हुए निधन के समय उपस्थित नहीं हो पाने का उन्हें मलाल था. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
ग्रामीण युवाओं और खिलाड़ियों से मिले, बढ़ाया उत्साह
क्षेत्र भ्रमण के दौरान गंगा नारायण सिंह माचो में ग्रामीण युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच भी पहुंचे. उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और युवाओं को खेल के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान रुद्र नारायण शाही, सुमित कुमार झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे. उल्लेखनीय है कि गंगा नारायण सिंह इन दिनों मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का लगातार दौरा कर रहे हैं. इस दौरान वे ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और समाधान की दिशा में पहल का प्रयास करते हैं. सामाजिक गतिविधियों और युवाओं के बीच उनकी सक्रियता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

